नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
संवाद सहयोगी गढ़वा रमकंडा थाना क्षेत्र के रक्सी गांव निवासी ददन भुइयां की पत्नी अंतिमा देवी की मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, गढ़वा : रमकंडा थाना क्षेत्र के रक्सी गांव निवासी ददन भुइयां की पत्नी अंतिमा देवी 17 वर्ष की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। इस मामले में मृतका के ससुराल वालों के अनुसार पति-पत्नी के बीच नोकझोंक के क्रम में ददन भुइयां द्वारा धक्का दिए जाने से अंतिमा देवी गिर गई थी। इससे उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट लग गई थी। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने साजिश कर हत्या करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार रंका थाना क्षेत्र के बांदू गांव निवासी लाला भुइयां की पुत्री अंतिमा की शादी इसी वर्ष रक्सी गांव निवासी ललटु भुइयां के पुत्र ददन भुइयां के साथ हुई थी। ददन भुइयां के अनुसार शनिवार को सामान खरीदने के लिए पति-पत्नी गांव के किराना दुकान में गए थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में नोंकझोंक हुई थी। घर आने पर भी नोंकझोंक होने लगी। तब उसने पत्नी को धक्का दिया था, जिससे वह गिर गई। उसके सिर में चोट लगी थी, जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी हालत में उसे सदर अस्पताल लाए जाने के क्रम में अंतिमा देवी ने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में परीक्षण के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अंतिमा की मौत की पुष्टि होने के बाद उसका पति ददन भुइयां व ससुर ललटु भुइयां अस्पताल से भागने का प्रयास कर रहे थे। तब अस्पताल में तैनात गार्डों ने उन्हें रोक कर गढ़वा थाना पुलिस को सूचना दी। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मृतका के स्वजनों को सौंप दिया। इधर, अंतिमा देवी की मौत की जानकारी मिलने पर सदर अस्पताल पहुंची उसकी बड़ी बहन मेराल थाना क्षेत्र के गोंदा गांव निवासी सीमा देवी पति राजेंद्र राम ने आरोप लगाया कि साजिश कर उसकी बहन की हत्या की गई है। सीमा देवी ने कहा कि शादी के कुछ दिनों के बाद ही अंतिमा के साथ उसका पति व ससुराल वाले मारपीट करते थे। इसके पश्चात ददन भुइयां ने अंतिमा को मायका में पहुंचाकर काफी दिनों तक मायका में छोड़ दिया था। इस बीच दो बार पंचायती भी हुई थी। तब अंतिमा को मायके से विदा कराकर ददन भुइयां रक्सी ले गया था।