रमकंडा व डंडई में सर्पदंश से दो की मौत
रमकंडा थाना क्षेत्र के रकसी गांव निवासी 35 वर्षीय लालमुनि भूइयाँ की सांप काटने से मौत हो गयी।
संवाद सूत्र, रमकंडा/ डंडई : रमकंडा थाना क्षेत्र के रक्सी गांव निवासी 35 वर्षीय लालमुनि भूइयां की सर्पदंश से मौत हो गई। इसकी सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। वहीं शव को अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा भेज दिया। जानकारी के अनुसार शनिवार को लालमुनि घर में ही सरकारी कागजात खोज रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया। वहीं दूसरी ओर डंडई थाना क्षेत्र के जरही गांव निवासी रामचंद्र राम की पत्नी आशा देवी 45 वर्ष की मौत सर्पदंश से हो गई। परिजनों ने बताया कि शनिवार की दोपहर में आशा देवी अपने घर में जमीन पर सो रही थी। उसी दौरान घर में रखा हुआ संदूक के पीछे से सांप निकल कर उसे काट लिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद उसे एंबुलेंस से इलाज हेतु सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था इसी क्रम में उसकी मौत हो गई।