घूरन को प्रत्याशी बनाए जाने का जिला राजद ने किया विरोध
- लोकसभा चुनाव में घूरन राम का राजद जिला कमिटी करेगा विरोध राजद
गढ़वा: राष्ट्रीय जनता दल जिला कमेटी की बैठक मंगलवार को पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह के आवास पर हुई। इसमें उपस्थित जिलाध्यक्ष समेत जिला कमेटी के तमाम पदाधिकारी व सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि राजद से अगर घूरन राम को पलामू संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाया जाता है तो वे सभी इसका विरोध करेंगे। घूरन की जगह किसी को पार्टी उम्मीदार बनाये उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए जिला कमेटी दिन-रात एक कर देगी। लेकिन किसी भी सूरत में हमें घूरन राम की उम्मीदवारी स्वीकार नहीं होगी। पार्टी जिलाध्यक्ष मो. शरीफ अंसारी ने कहा कि कुछ लोग साजिश कर पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह को बदनाम करने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। जबकि गिरिनाथ सिंह शुरू से ही राष्ट्रीय जनता दल के लिए काम करते आ रहे हैं। वह पार्टी के प्रति हमेशा वफादार रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को पत्र भेजकर जिला कमेटी अपनी मांग और मंशा दोनो ही जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि सोमवार को घटित घटना से गिरिनाथ सिंह की प्रतिष्ठा को आंच आई है। इसकी भरपाई के लिए पार्टी उन्हें चतरा संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाए। या फिर उन्हें पार्टी का एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनाये। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर घूरन राम राजद को तोड़ने का काम कर रहे हैं। भाजपा छोड़ने के बाद भी घूरन राम अभी भी उस पार्टी की गोंद में बैठकर राजनीतिक कर रहे हैं। बैठक में पार्टी के प्रधान सचिव सुरेश प्रसाद गुप्ता, मिथलेश कुमार देव, सुरेश केसरी, नवनी कुमार सिंह, युवा जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, भीखम चन्द्रवंशी, सुनील प्रसाद गुप्ता, अयूब अंसारी, रामवृक्ष यादव, रवीन्द्र जायसवाल, सुनील चन्द्रवंशी, कामेश्वर यादव, अलिजामा अंसारी, शंभू प्रसाद, अशोक कुमार पासवान आदि लोग उपस्थित थे।