विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गढ़वा में प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की संदिग्ध मौत, स्वजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Published: Fri, 29 May 2026 06:58 PM (IST)

गढ़वा में रामा साहू उच्च विद्यालय के मैदान में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला, जिसकी पहचान दिव्यांशु कुमार उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में हुई है।

अस्पताल में लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

अस्पताल में लगी लोगों की भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. गढ़वा में युवक का शव फंदे से लटका मिला।

  2. मृतक की पहचान दिव्यांशु कुमार उर्फ शुभम गुप्ता।

  3. स्वजनों ने प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप लगाया।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के रामा साहू उच्च विद्यालय के मैदान से शुक्रवार की सुबह फंदे से लटका एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान टंडवा लोहार मोहल्ला निवासी बाबूराम प्रसाद गुप्ता के 19 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार उर्फ शुभम गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं, मृतक के स्वजन ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक के दोस्त आयुष कुमार एवं शिवम कुमार ने बताया कि दिव्यांशु का तान्या नामक एक लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन हाल के दिनों में उक्त लड़की प्रियांशु जायसवाल नामक युवक के करीब आ गई थी।

प्रेमिका से हुई थी लड़ाई

दोस्तों के अनुसार, कुछ दिन पहले दिव्यांशु ने अपनी प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इसके बाद शहर में आयोजित खाटू श्याम उत्सव के दौरान दिव्यांशु और प्रियांशु जायसवाल के बीच नोकझोंक भी हुई थी।

दोस्तों ने बताया कि इस घटना के बाद दिव्यांशु काफी तनाव में रहने लगा था। उसने आयुष एवं शिवम से कहा था कि वह तान्या को किसी दूसरे के साथ नहीं देख सकता और फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेगा।

दोस्तों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आत्महत्या करने की बात पर अड़ा हुआ था। स्थिति गंभीर देखते हुए गुरुवार की रात दोनों दोस्तों ने इसकी जानकारी दिव्यांशु के स्वजन को भी दे दी थी।

सूचना मिलने के बाद स्वजन एवं दोस्त रातभर शहर के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।

खेल मैदान में मिला शव

शुक्रवार की सुबह जानकारी मिली कि रामा साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई।

टना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले आई। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया।

भाई ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के भाई कृष्णा गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की रात दिव्यांशु के एक दोस्त ने फोन कर कहा था कि उसका भाई फांसी लगाने की बात कर रहा है। इसके बाद वह अपने चाचा के साथ रातभर उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

कृष्णा गुप्ता ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले एक लड़की को लेकर दिव्यांशु की कुछ युवकों से कहासुनी एवं मारपीट हुई थी। उनका कहना है कि दिव्यांशु आत्महत्या नहीं कर सकता।

उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इधर, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- रांची में पिज्जा खाने गई नाबालिग का अपहरण कर किया था दुष्कर्म, कोर्ट ने उमेंद्र राय को सुनाई 20 साल की सजा