गढ़वा में हथकड़ी समेत कोर्ट परिसर से भागा कैदी, 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली; तलाश में जुटी दो थानों की टीम
श्री बंशीधर नगर के अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर से पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत भागा कैदी उमानंद पटेल 48 घंटे ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। गढ़वा में 48 घंटे बाद भी अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय परिसर से पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत भागे कैदी के मामले में पुलिस के हाथ खाली है।
उक्त कैदी के विरुद्ध खरौंधी थाने सगे भाई पप्पू पटेल ने धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला दर्ज कराया है। खरौंधी थाने के बाद उक्त कैदी के खिलाफ पुलिस अभिरक्षा से भगाने के मामले में श्री बंशीधर नगर थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल हथकड़ी समेत भागे कैदी को गिरफ्तार करने में दो थाने की पुलिस लगी हुई है, बावजूद 48 घंटे बीत जाने के बाद भी उक्त कैदी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरौंधी थाना कांड संख्या 62/26, दिनांक 22 सितंबर 26 के मामले में खरौंधी थाने के राजी गांव के बुतहट टोला निवासी मारपीट के आरोपित उमानंद पटेल को गिरफ्तार कर अनुसंधानकर्ता रंजीत प्रधान, चौकीदार रंजीत सिंह व चौकीदार वीरेंद्र पासवान के साथ सरकारी वाहन से नगर उंटारी व्यवहार न्यायालय पहुंचे थे।
आरोपित उमानंद पटेल को गत 23 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस टीम न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी शैलेंद्र कुमार नापित के न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा आरोपित को रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस टीम उसे कोर्ट रूम से बाहर बरामदे में लेकर आई।

एएसआई रंजीत प्रधान आरोपित का कस्टडी वारंट प्राप्त करने के लिए कोर्ट रूम के अंदर ही रुके हुए थे, जबकि दोनों चौकीदार आरोपित को लेकर कोर्ट रूम के बाहर बरामदे में खड़े थे।
इसी बीच मौका पाकर आरोपित उमानंद पटेल ने अचानक झटका मारा और चौकीदार रंजीत सिंह के हाथ से रस्सी छुड़ाकर हथकड़ी समेत भाग निकला। कोर्ट परिसर से कैदी हथकड़ी समेत भाग निकला और दोनों चौकीदार देखते ही रह गए। इस घटना के बाद पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगा है।
