राधा स्वामी संगठन के नाम पर झारखंड में हजारों लाेगों से फर्जीवाड़ा, वाहन फाइनेंस के लिए गढ़वा में 1200 लोगों से ठगी
गढ़वा में राधा स्वामी संगठन पर वाहन फाइनेंस के नाम पर करीब 1200 लोगों से लाखों रुपये की ठगी का ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया के जरिए बिछाया गया ठगी का मायाजाल, थाना पहुंचे भुक्तभोगी।
HighLights
राधा स्वामी संगठन पर वाहन फाइनेंस ठगी का आरोप।
गढ़वा में 1200 लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी।
पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।
संवाद सूत्र, गढ़वा। रांची, हजारीबाग, गिरिडीह सहित झारखंड के कई जिलों में राधा स्वमी संगठन के नाम पर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। अब गढ़वा जिले में वाहन फाइनेंस के नाम पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां राधा स्वामी संगठन पर करीब बारह सौ लोगों से लाखों रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगा है।
ठगी के शिकार युवकों ने गढ़वा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ताओं में अंकित कुमार, सुशील कुमार, अरुण कुमार, नंदलाल भुइंया, देवीशरण राम, किरण कुमारी, कमलेश रवि, उज्ज्वल कुमार, राजीव कुमार और अक्षय कुमार शामिल हैं। पीड़ितों के मुताबिक जुलाई 2025 में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उन्हें इस संगठन और वाहन फाइनेंस योजना की जानकारी मिली थी जिसके बाद वे इसके संपर्क में आए थे।
दफ्तर पर लटका ताला और तीन लाख से अधिक की चपत
वाहन फाइनेंस कराने के नाम पर जालसाजों ने पीड़ितों से कुल तीन लाख आठ हजार तीन सौ रुपये जमा करवा लिए। संगठन से जुड़े लोगों ने यह भरोसा दिलाया था कि दिसंबर 2025 तक रकम वापस कर दी जाएगी और आगे की किस्तें शुरू होंगी।
तय समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। जब पीड़ित अपनी रकम वापस मांगने के लिए गढ़वा के नवादा मोड़ स्थित संगठन के जिला कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला।
अलग-अलग जिलों में फैला है जाल और पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़ितों का आरोप है कि इस ठगी के तार सिर्फ गढ़वा तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि संगठन के लोग विभिन्न जिलों में जाकर वाहन फाइनेंस और अन्य लुभावनी योजनाओं के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
पुलिस को दिए गए आवेदन में जिला प्रभारी सुदिव्य शर्मा सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है। पीड़ितों ने पुलिस से मांग की है कि इस पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच की जाए और उनकी डूबी हुई गाढ़ी कमाई को कानूनी प्रक्रिया के जरिए वापस दिलाया जाए।
जल्द पैसे लौटने का दावा कर रहे हैं जिम्मेदार
इस सनसनीखेज मामले में राधा स्वामी संगठन के जिला प्रभारी सुदिव्य कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि फिलहाल संगठन का काम बंद है। उन्होंने यह दावा किया है कि जल्द ही कामकाज दोबारा शुरू किया जाएगा और सभी लोगों के पैसे वापस लौटा दिए जाएंगे।
बहरहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है, ताकि फर्जीवाड़े के इस खेल का पर्दाफाश किया जा सके। बता दें कि झारखंड के कई जिलों में राधा स्वामी संगठन के नाम पर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। सावधान रहने की जरूरत है। राजधानी रांची में साेनू सूद को बुलाकर कार्यक्रम कराने के नाम पर कई लोगों को चुना लगाया गया है।
