विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मासूमों की सेहत से भयानक खिलवाड़! गढ़वा में गंदगी के ढेर में बन रहा बच्चों का मध्याह्न भोजन

Published: Thu, 29 Oct 2026 12:03 PM (IST)

गढ़वा के सगमा प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, पुतुर में मिड डे मील की औचक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. गढ़वा के स्कूल में मध्याह्न भोजन की औचक जांच में मिलीं गंभीर खामियां।

  2. बच्चों को मेनू के अनुसार नहीं मिल रहा था भोजन, रसोई में मिली गंदगी।

  3. विद्यालय में साप्ताहिक मेनू का चार्ट गायब, अधिकारियों ने जताई नाराजगी।

संवाद सहयोगी, गढ़वा। गढ़वा में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम ने बुधवार को सगमा प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, पुतुर में मध्याह्न भोजन योजना की औचक जांच की। जांच के दौरान विद्यालय में कई प्रकार की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसे लेकर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जांच दल में शामिल खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-3 किरण हेमब्रम और गढ़वा-4 रोहित कुमार जब विद्यालय पहुंचे थे। विद्यालय में बच्चों को मेनू के अनुसार भोजन नहीं परोसा जा रहा था। साथ ही, विद्यालय परिसर या किचन के पास कहीं भी साप्ताहिक मेनू का चार्ट चस्पां नहीं पाया गया। रसोईघर के अंदर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी और भारी गंदगी मिली।

निरीक्षण के दौरान कक्षा छह के छात्रों ने टीम को बताया कि कल तक तगाड़ी और टीन की कड़ाही में बच्चों के लिए खाना बनाया जाता था। जब इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य से पूछताछ की गई, तो उन्होंने मामले से पूरी तरह अनभिज्ञता जताई और अजीब तर्क देते हुए कहा कि यह प्रकरण संबंधित विद्यालय का नहीं है।

अधिकारियों ने विद्यालय के इस गैर जिम्मेदाराना रवैया को काफी गंभीरता से लिया है। जांच के बाद खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस निरीक्षण से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त और जिला शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। साथ ही, विद्यालय प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी गई है कि मध्याह्न भोजन का संचालन हर हाल में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रविधानों के तहत ही किया जाए।

इस औचक निरीक्षण अभियान के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, सगमा भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों के इस तेवर से इलाके के अन्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। 

यह भी पढ़ें- बच्चों का निवाला बचाने के लिए कर्ज ले रहे गुरुजी, झारखंड के 57 स्कूलों में उधार के भरोसे मध्याह्न भोजन