मुहिम का असर, जिले में दो दिन में 1.06 लाख बच्चों के बीच बंटी पुस्तकें
जागरण संवाददाता गढ़वा स्कूली बच्चों के बीच निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरण करने को लेकर
जागरण संवाददाता, गढ़वा : स्कूली बच्चों के बीच निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरण करने को लेकर गढ़वा जिले में चलाई गई विशेष मुहिम ''पुस्तक वितरण दिवस'' का व्यापत असर देखने को मिला। पुस्तक वितरण के मामले में गढ़वा जिला पूरे राज्य में अंतिम पायदान यानि 24 वें स्थान पर था। वहीं 11 जून को चलाए गयी उक्त मुहिम के बाद गढ़वा जिला राज्य के सर्वाधिक पुस्तकें वितरित करने वाले जिलों में दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। इसकी जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया की दूसरे दिन शनिवार के दोपहर तक जिले में कुल 1,06, 547 बच्चों तक पाठ्य पुस्तकें बांटी गईं। इसके लिए जिला से लेकर ग्राम स्तर तक की शिक्षा टीम ने मन से मेहनत की है। उन्होंने कहा कि इसी टीम भावना के साथ सभी शिक्षक और अधिकारी मिलकर गढ़वा जिले की शिक्षा व्यवस्था को अन्य मामलों में भी ऊपर ले जाएंगे। मालूम को कि संजय कुमार खुद भी घर-घर जाकर बच्चों के बीच पुस्तक वितरण का कार्य कर रहे हैं।
रंका में स्कूली बच्चों के बीच बंटी पुस्तक
संसू, रंका (गढ़वा): जिला शिक्षा अधीक्षक संजय कुमार के निर्देश पर पुस्तक वितरण दिवस के अवसर पर प्रखंड संसाधन केंद्र अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय दौनादाग संकुल के सींजो प्राथमिक विद्यालय में प्रधान शिक्षक बाबूलाल सिंह एवं सहायक शिक्षक हीरामन कोरवा द्वारा घर-घर जाकर पुस्तक वितरण किया गया। वहीं राजकीय मध्य विद्यालय दौनादाग के शिक्षक धीरज कुमार सिंह एवं अरुण कुमार मिश्र द्वारा भी पुस्तक वितरण का कार्य किया गया। जबकि राजकीय कन्या मध्य विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका छाया सिन्हा द्वारा भी बच्चों के घर पहुंचकर पुस्तक का वितरण किया गया। घर आए शिक्षक-शिक्षिकाओं के हाथों पर पुस्तक प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। कांडी में भी दी गई बच्चों को किताब
संवाद सूत्र, कांडी (गढ़वा): प्रखंड में संचालित वर्ग एक से 10 तक के सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के बीच सत्र 2021-22 का पाठ्यपुस्तक का शुक्रवार से वितरण किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए एहतियात के तौर पर सभी विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों के घर घर जाकर विद्यार्थियों के बीच पाठ पुस्तक उपलब्ध कराया। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को लेकर इस सत्र में बच्चों को दो महीने विलंब से पाठ्य सामग्री उन्हें दिए जा रहे हैं। बच्चों के पास पुस्तक नहीं रहने के कारण विभाग के निर्देश पर शिक्षकों के माध्यम से ऑनलाइन कंटेंट उपलब्ध कराया जाता था। साथ ही शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन पढ़ाया भी जा रहा है। पुस्तक मिलने के बाद बच्चों के बीच खुशी देखी गयी। शिक्षकों ने स्कूली बच्चों के घर पहुंचकर बांटी पुस्तक
संवाद सूत्र, रमना (गढ़वा): प्रखंड के सभी विद्यालय में विभाग के निर्देशानुसार पुस्तक वितरण दिवस के तहत पहली से दसवीं कक्षा के बच्चों के बीच निशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया। कार्यक्रम के तहत मध्य विद्यालय परसवान, मानदोहर, गम्हरिया, टंडवा, सिलीदाग एक, भागोडीह, बुलका, सिलीदाग दो, नव प्राथमिक विद्यालय बैगा टोला गम्हरिया, करचा, प्राथमिक विद्यालय कोरगा, छपरदागा सहित कई विद्यालय के शिक्षकों व प्रबंधन समिति सदस्य द्वारा गांव टोले में भ्रमण कर घर घर जाकर बच्चों के बीच पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया। प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता कुजूर ने कहा कि सभी विद्यालय में एक साथ पुस्तक वितरण दिवस मनाने का निर्देश दिया गया है। जिसमें कक्षा एक से दसवीं तक के बच्चों के बीच सरकारी गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए बच्चों के घर जाकर के सत्र 2021 - 22 के पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया है।