महिला समूह ने जविप्र दुकान संचालन में की अनियमितता की शिकायत
प्रखण्ड अतर्गरत केतरी गांव के आदर्श महिला स्वयं सहायता समूह के द्वारा संचालित हो रहे जन वितरण प्रणाली की दुकान में अध्यक्ष पति के द्वारा दबंगई एवं मनमानी तरीके से दुकान संचालित करने के मामला प्रकाश में आया है।
संवाद सूत्र, केतार (गढ़वा) : प्रखंड अंतर्गत केतरी गांव के आदर्श महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित हो रहे जन वितरण प्रणाली की दुकान में अध्यक्ष पति की मनमाने तरीके से दुकान संचालित करने का मामला प्रकाश में आया है। जिसको लेकर समूह की कुछ महिलाओं ने सोमवार को बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव को आवेदन देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि आदर्श महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा विगत वर्ष 2006 में जन प्रणाली प्रणाली की दुकान का लाइसेंस लिया गया था। जिसका संचालन समूह अध्यक्ष गुड़ी देवी के पति महेंद्र पासवान द्वारा संचालन किया जा रहा था। प्रत्येक माह आय-व्यय के साथ मासिक बैठक की जा रही थी परंतु पिछले जनवरी 2019 से समूह की कोई भी मासिक बैठक नहीं की गई। अध्यक्ष पति महेंद्र पासवान द्वारा समूह के बाकी महिलाओं को दर किनार करते हुए दबंगई तरीके से आदर्श महिला स्वयं सहायता समूह के नाम से नया समूह बनाकर जन वितरण प्रणाली की दुकान संचालन किया जाने लगा। जिसको लेकर हम सभी महिलाएं लिखित एवं मोखिक रूप से खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी को सूचित किया लेकिन अभी तक इस मामले में जांच अथवा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। जिससे समूह की हम सभी महिलाएं आहत है। जो हम लोगों को स्वरोजगार का सहारा था। वह निजी हाथों से संचालित हो रहा है हम सभी चाह कर भी कुछ नहीं कर पा रहे है। आवेदन देने वालों में सचिव पांनकली देवी, कोषाध्यक्ष कमला देवी, सदस्य सरोज देवी, इंद्रावती देवी, गुड्डी देवी, समझारी देवी आदि का नाम शामिल है।