Jharkhand Assembly Election 2019: कांटे की टक्कर में फंसी गढ़वा व भवनाथपुर सीट
Jharkhand Assembly Election 2019. गढ़वा में शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में महागठबंधन के पक्ष में पड़े वोट भाजपा को परेशान कर सकते हैं।
गढ़वा, जासं। विधानसभा चुनाव को ले शनिवार को संपन्न मतदान में गढ़वा में भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्रनाथ तिवारी का महागठबंधन के प्रत्याशी मिथिलेश कुमार ठाकुर के साथ कांटे की टक्कर दिख रही है। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में महागठबंधन के पक्ष में पड़े वोट भाजपा को परेशान कर सकता है। क्योंकि भाजपा का गढ़ कहा जाने वाला रमकंडा, रंका, चिनियां, मेराल तथा गढ़वा का शहरी इलाके में महागठबंधन भाजपा को काफी हद तक नुकसान पहुंचाता दिख रहा है।
अगर वाकई में ऐसा है तो इसे भाजपा को खतरा हो सकता है। कुछ यही स्थिति भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में दिख रही है। क्योंकि कई प्रखंडों में भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही आगे दिख रहे हैं तो तो कई प्रखंडों में बसपा प्रत्याशी सोगरा बीबी और निर्दलीय अनंत प्रताप देव भी को अच्छा खासा मत मिलने की बात कही जा रही है। विधानसभा क्षेत्र में जिस प्रकार से वोटों का बिखराव हुआ है वह चुनाव के नतीजे को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है।
क्योंकि यहां महागठबंधन के प्रत्याशी केपी यादव के वोट में भाजपा द्वारा सेंधमारी की बात सामने आ रही है। भानु प्रताप शाही को हर क्षेत्र में कुछ न कुछ वोट मिलने की चर्चा है। निर्दलीय अनंत प्रताप देव को भी कई क्षेत्रों में समर्थन मिला है। कुल मिलाकर यहां रोचक व कांटे की टक्कर दिखी रही है। अंतिम समय में क्या होगा कहना मुश्किल है।