अगले वर्ष मार्च में श्री बंशीधर नगर आएंगे रक्षा मंत्री: केशरी
संवाद सूत्र श्री बंशीधर नगर (गढ़वा) देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले वर्ष मार्च माह में गढ़वा आएंगे।
संवाद सूत्र, श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अगले वर्ष मार्च माह में श्री बंशीधर नगर आएंगे। यहां रक्षा मंत्री 23 मार्च को डा. राम मनोहर लोहिया जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। इसके लिए गत 16 अक्टूबर को मैं और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुराज पांडेय ने उनसे मिलकर आग्रह किया। रक्षा मंत्री ने आग्रह स्वीकार कर कहा कि आने से पहले ही आपको सूचित कर देंगे। यह जानकारी मंगलवार को चेचरिया स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा नेता सह पूर्व मंत्री रामचंद्र केशरी ने दी। केशरी ने कहा कि जयंती के अवसर पर भवनाथपुर मोड़ स्थित डा. राम मनोहर लोहिया के आदम कद प्रतिमा पर माल्यार्पण के अलावे एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन गोसांईबाग के मैदान में किया जाएगा। केशरी ने कहा कि आगामी 23 अक्टूबर से बेरमो व दुमका उपचुनाव में अपने पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जाएंगे। दुमका व बेरमो से भाजपा भारी मतों से जीतेगी। बिहार विधानसभा चुनाव में भी पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव कैंपेन में भाग लेने जाएंगे। बिहार में एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। मौके पर मथुरा राम, प्रकाश चंद्र सेठी, अश्विनी कुमार, सोबराती खां, रामेश्वर राम बुच्चु प्रसाद आदि उपस्थित थे।