विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली सीएम की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश की सड़क हादसे में मौत, भवनाथपुर में शोक

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:32 AM (IST)

सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई, जो भवनाथपुर-श्री बंशीधर नगर मुख्य पथ ...और पढ़ें

सड़क हादसे में घायल सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता का दिल्ली एम्स में निधन। (फाइल फोटो: स्वजन)

सड़क हादसे में घायल सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता का दिल्ली एम्स में निधन। (फाइल फोटो: स्वजन)

HighLights

  1. सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता की दिल्ली एम्स में मौत हुई।

  2. भवनाथपुर-श्री बंशीधर नगर मार्ग पर बाइक दुर्घटना में घायल हुए थे।

  3. दिल्ली सीएम की सुरक्षा में तैनात थे, दीपावली छुट्टी पर घर आए थे।

संवाद सूत्र, भवनाथपुर (गढ़वा)। भवनाथपुर-श्री बंशीधर नगर मुख्य पथ पर छहमाइलवा विद्युत सब-स्टेशन के समीप सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता (34 वर्ष) का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। जवान की शहादत की खबर मिलते ही उनके पैतृक आवास, पूरे भवनाथपुर क्षेत्र और प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री की सुरक्षा में थे तैनात

जानकारी के अनुसार, मृत जवान ओमप्रकाश गुप्ता भवनाथपुर के कर्पूरी चौक निवासी विश्वनाथ गुप्ता के सबसे छोटे पुत्र थे। वे वर्तमान में दिल्ली में वीवीआईपी सुरक्षा (मुख्यमंत्री की स्कॉर्ट ड्यूटी) में तैनात थे। दीपावली से दो दिन पूर्व ही वे छुट्टी लेकर अपने घर आए थे।

परिजनों ने बताया कि सोमवार को वे किसी निजी काम से बाइक पर सवार होकर श्री बंशीधर नगर गए थे। वहां से लौटने के दौरान छहमाइलवा विद्युत स्टेशन के समीप विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक (चालक: विकास रावत, निवासी बूका गांव) से उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया था

घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। ओमप्रकाश को पहले मेदिनीनगर स्थित नारायणी अस्पताल और फिर रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थिति गंभीर होने पर वरीय अधिकारियों के संज्ञान लेने के बाद मंगलवार दोपहर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। ओमप्रकाश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका विवाह तीन वर्ष पूर्व हुआ था और उनका एक दो वर्ष का मासूम बच्चा है। उनके पिता सेल (SAIL) से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एयर एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा, जहां सीआरपीएफ कैंप में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दी जाएगी। इसके बाद गुरुवार देर शाम तक पार्थिव शरीर के उनके पैतृक आवास भवनाथपुर पहुंचने की संभावना है।

इस संबंध में भवनाथपुर थाना प्रभारी अरुण रवानी ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। परिजनों के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।