झारखंड के गढ़वा में पहाड़ी से चार बम बरामद
Bomb recovered in gadhawa. झारखंड के गढ़वा में पहाड़ी से चार बम बरामद हुए हैं। इनमें दो केन और दो प्रेशर कुकर बम हैं।
गढ़वा, जेएनएन। डंडई थाना क्षेत्र के सोनेहरा व बैलिया गांव के सिवान के समीप पहाड़ी से चार बम बरामद हुए हैं। इनमें दो केन और दो प्रेशर कुकर बम हैं। रविवार को तड़के छह बजे शौच करने गई गांव की कुछ महिलाओं नें पहाड़ी पर रखे सभी चार बमों को देखा। उसके बाद उसकी जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। बम देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। ग्रामीणों के द्वारा जानकारी पाकर स्थानीय पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच बम को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद बम को डिफ्यूज करने को लेकर बम निरोधक दस्ता का इंतजार होने लगा लेकिन समाचार लिखे जाने तक उक्त बम को डिफ्यूज नहीं किया जा सका था।
इस दौरन अभियान एसपी सदन कुमार और मुख्यालय डीएसपी संदीप कुमार उक्त स्थल पर पहुंच जहां बम रखा गया था, पहाड़ का मुआयना किया। इस संबंध में सदन कुमार ने कहा कि गांव में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी असामाजिक तत्व द्वारा बम को उस पहाड़ पर रख दिया गया है। साथ ही, उन्होंने कहा कि मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान जो भी पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि डंडई क्षेत्र इन दिनों शांति का माहौल कायम है।
वहीं, संदीप कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में लोग पिछले कई वर्षों से शांति वातावरण में अपना जीवन-बसर कर रहे हैं। किसी असामाजिक व्यक्ति के द्वारा सोनेहारा के पहाड़ पर बम को रख कर दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वैसे व्यक्तियों की मंसूबा को कभी भी सफल नहीं होने दिया जाएगा।