विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची-वाराणसी कॉरिडोर पर हादसा, विधायक की गाड़ी से भिड़ी कमांडर; बाल-बाल बचे अनंत प्रताप देव

Published: Sat, 28 Mar 2026 04:08 PM (IST)

रमना थाना क्षेत्र में रांची-वाराणसी कॉरिडोर पर भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी एक सवारी कमांडर वाहन से टकराकर ...और पढ़ें

दुघर्टनास्थल पर उमड़ी भीड़। (जागरण)

दुघर्टनास्थल पर उमड़ी भीड़। (जागरण)

HighLights

  1. विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई।

  2. विधायक और उनके अंगरक्षक बाल-बाल बच गए।

  3. एक महिला घायल, विधायक ने आर्थिक सहायता दी।

संवाद सूत्र, रमना (गढ़वा)। रमना थाना क्षेत्र से होकर गुजरी रांची-वाराणसी इकोनॉमिक कॉरिडोर पर सीरियाटोंगर गांव के समीप शनिवार को सड़क दुर्घटना में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार विधायक का वाहन कॉरिडोर से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही सवारी कमांडर गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

हालांकि, उक्त घटना में विधायक तथा उनके एस्कॉर्ट गाड़ी में सवार अंगरक्षक बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि विधायक श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव में अज्ञात अपराधी द्वारा गोली मारे जाने से घायल व्यवसायी को देखने सदर अस्पताल, गढ़वा जा रहे थे। इसी दौरान उक्त हादसा हो गया।

विधायक की गाड़ी से जा भिड़ी कमांडर

बताया जा रहा है कि सामने से आ रहा तेज रफ्तार कमांडर वाहन अनियंत्रित होकर पहले विधायक के काफिले में शामिल एक एस्कॉर्ट गाड़ी की जद में लिया, इसके बाद विधायक की गाड़ी से जा भिड़ी।

MLA Anant Pratap Dev

विधायक अनंत प्रताप देव।

दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। वाहनों का दबाव बढ़ने से थोड़ी देर के लिए सड़क पर जाम भी लग गया।

इस दौरान कमांडर वाहन में सवार एक महिला घायल भी घायल हो गई। जिसका प्राथमिक उपचार कराया गया। घायल महिला को विधायक अनंत प्रताप देव ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

इस घटना की सूचना मिलते ही रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल सवारी कमांडर वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।

वहीं, सूचना पर अंचल पदाधिकारी विकास पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान विधायक पुत्र मानवेंद्र प्रताप देव, दीपक प्रताप देव, विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, आशुतोष कुमार सिंह, मुक्तेश्वर पांडेय, बंगाली सिंह, चंचल प्रताप देव सहित कई लोगों ने पहुंचकर विधायक का हाल जाना। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- रांची में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, 15 लाख के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर