गढ़वा में इनोवा ने 3 महिलाओं को मारी टक्कर, 1 की मौत-2 घायल Garhwa News
गढ़वा से अंबिकापुर की तरफ तेज गति से जा रही इनोवा कार ने पीछे से खेत की ओर जा रही तीनों महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।
रंका (गढ़वा), जासं। गढ़वा के रंका गोदर माना मार्ग पर भौंरी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 343 पर मंगलवार की दोपहर बाद करीब दो बजे एक इनोवा गाड़ी की चपेट में आने से भंवरी गांव निवासी भीखू मांझी की पत्नी बसंती देवी (35) की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद लोगों ने दोनों घायलों को सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दोनों की स्थिति गंभीर बताई जाती है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद करीब दो बजे भौरी गांव की तीन महिलाएं क्रमशः शिवमंगल सिंह की पत्नी प्रमिला देवी, सरजू सिंह की पत्नी बुटनी देवी एवं भीखू माझी की पत्नी बसंती देवी तीनों सड़क के किनारे पैदल अपने खेत की तरफ जा रही थी। इसी बीच पीछे से काफी तेज गति से आ रही जेएच 01 डीसी 31 14 नंबर की इनोवा कार, जो गढ़वा से अंबिकापुर की तरफ जा रही थी, ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बसंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं प्रमिला देवी एवं बुटनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में रामानुजगंज शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भौरी गांव के ग्रामीणों ने मुवावजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है। घटना की सूचना पर पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी चिंतामन रजक मौके पर पहुंचकर सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं आक्रोशित लोग मुआवजा एवं सरकारी नौकरी के लिखित आश्वासन पर अड़े थे।