डायन कह महिलाओं को नंगा कर पिटने वाले 21 गिरफ्तार
जागरण संवाददाता गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के सेमरिया टोला में आठ अक्टूबर
जागरण संवाददाता, गढ़वा: सदर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के सेमरिया टोला में आठ अक्टूबर की रात डायन बिसाही के आरोप में दो महिला समेत तीन लोगों को नंगा कर पिटाई करने के 21 आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। इससे पूर्व दो अन्य आरोपित बैजनाथ रजवार व रवि कुमार को पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब तक इस घटना में कुल 23 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई है। जबकि घटना का मुख्य आरोपी बली रजवार अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। सोमवार की शाम सदर थाना में पत्रकार वार्ता कर उक्त आरोपितों की गिरफ्तारी के संबंध में एसडीपीओ बहामन टूटी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उक्त लोमहर्षक घटना के बाद पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में रविवार की रात 21 आरोपित जिसमें मुख्य आरोपित बली रजवार की दो बेटी रूपा कुमारी, सुनीता कुमार व पुत्र सुनील रजवार को धुरकी के एक गांव से उनके रिश्तेदार के यहां से गिरफ्तार किया गया है।