राष्ट्र के निर्माण में आपका एक वोट बहुत ही महत्वपूर्ण : डीसी
दुमका लोकतंत्र के महापर्व में आप सभी भाग लें। एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में आपका एक वोट बहुत ही महत्वपूर्ण है। अपने मताधिकार का प्रयोग करें यह आपका अधिकार है।
दुमका : लोकतंत्र के महापर्व में आप सभी भाग लें। एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में आपका एक वोट बहुत ही महत्वपूर्ण है। अपने मताधिकार का प्रयोग करें यह आपका अधिकार है।
यह बात उपायुक्त मुकेश कुमार ने सोमवार की देर शाम जागरूकता रथ को रवाना करने के बाद स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित हस्ताक्षर अभियान के दौरान कही। उपायुक्त ने कहा कि इस बार दुमका में शतप्रतिशत मतदान हो, दुमका अपना दम दिखलाए इसे ही ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा दम दिखाओ दुमका चलो मतदान करें, चलो देश बदले एक अभियान भी चलाया जा रहा है। नए मतदाता अवश्य मताधिकार का प्रयोग करें। लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करें। जिला प्रशासन प्रतिदिन वोटर्स ऑफ द डे चिह्नित किया जा रहा है। ये वैसे लोग हैं जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन लोगों को जिला प्रशासन उपहार स्वरूप एक टी-शर्ट भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि नए मतदाता मतदान कर इस लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करें। खुद जागरूक होकर मतदान करें। मतदान के दिन सबसे पहले मतदान कर ही किसी अन्य कार्य को करें। आप अपने एक वोट से देश के प्रतिनिधि, अपने प्रतिनिधि, राज्य के प्रतिनिधि को चुनते हैं। एक वोट बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसे समझें तथा अन्य लोगों को भी समझाने का कार्य करें। एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में एक वोट महत्वपूर्ण है। अगर आप को मतदान करने का अवसर मिला है तो उसे छुट्टी का दिन ना समझें। मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान अवश्य करें। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर मतदान करने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की। विद्यालय स्तर पर भी बच्चों को जागरूक किया जाए, भले ही वह मतदान करने की अहर्ता न रखते हो लेकिन वह बच्चे मतदान की ताकत को समझ कर अपने अभिभावक को मतदान करने के लिए अवश्य कहेंगे। बच्चों को यह शपथ दिलाई जाएगी कि वे अपने घर जाकर अपने अभिभावक से पूछेंगे कि आप ने मतदान किया या नहीं किया। बच्चे-बच्चियां खिलौने की जिद से ऊपर उठकर अपने अभिभावक से मतदान करने की जिद करेंगे, सवाल बच्चों के भविष्य का है। उपविकास आयुक्त वरूण रंजन ने कहा कि स्वीप कैलेंडर का निर्माण स्वीप कोषांग के द्वारा किया गया है। प्रत्येक दिन स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन कर मतदाता को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। मतदाता जागरूकता रथ विभिन्न प्रखंडों में जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे। उन्होंने अपील किया कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। मौके जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, कर्मियों ने हस्ताक्षर अभियान के दौरान हस्ताक्षर किया। वोटर्स ऑफ द डे के चयनित दयामय साहा, तस्लीमा फतीमा ने फीता काटकर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।