दुमका सामूहिक दुष्कर्म मामला : किशोरी से हैवानियत करने वाले आरोपित दोस्त संग एक युवक गिरफ्तार, अन्य आठ अभी भी फरार Dumka News
दुमका में आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक नामजद समेत दो को पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल अन्य आठ आरोपित फरार हैं।
दुमका, जेएनएन। जिले के गोपीकांदर की रहने वाली आदिवासी किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुफस्सिल थाना की पुलिस ने शनिवार को एक नामजद समेत दो को पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों को फिलहाल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। आदिवासी किशोरी के साथ 24 मार्च को शिव पहाड़ के पास उसके दोस्त, उसके एक साथी व अन्य आठ लोगों ने दुष्कर्म किया था।
सामूहिक दुष्कर्म की इस वारदात की शिकायत पीड़िता ने गोपीकांदर थाना में की थी। इसमें दोस्त प्रसन्नजीत हांसदा को नामजद करते हुए नौ अज्ञात पर एफआइआर की थी। शनिवार को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर नामजद प्रसन्नजीत हांसदा एवं एक अन्य युवक उत्तम ठाकुर को हिरासत में लिया है। इस मामले में पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। फिलहाल अन्य आठ आरोपित पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं।
क्या है पूरा मामला :
- किशोरी ने पुलिस को बताया था कि घर जाने में देर होने पर उसने अपने दोस्त विक्की उर्फ प्रसन्नजीत हांसदा को फोन कर बुलाया। विक्की अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से किशोरी के पास आया। इसके बाद तीनों सवार होकर चल दिए। रास्ते में विक्की ने एक सुनसान जगह पर बाइक रोकी। इस बारे में जब पूछा तो विक्की ने समझाया कि अभी चेकिंग चल रहा है। इसके बाद एक जगह बाइक रोक दी और कहीं चला गया। उसका दोस्त साथ में रहा जो लगातार मोबाइल पर कहीं बात करता रहा। बात करते-करते कुछ देर के बाद वह भी चला गया।
- इसके बाद दोनों आए और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके अलावा नकाबपोश आठ युवकों ने भी बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद सभी छोड़कर चले गए। अगले दिन सुबह किसी तरह मुख्य सड़क पर आई तो गांववालों ने घरवालों को इसकी जानकारी दी। घटना 24 मार्च की है। घरवालों ने पुलिस को 25 मार्च की इसकी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।