Chhath Puja 2026: छठ में मिट जाते हैं सारे भेद, आदिवासी समुदाय के बिना अधूरा है सनातनियों का महापर्व
लोक आस्था के महापर्व छठ में जनजातीय समुदाय का गहरा नाता है, जो प्रकृति पूजा और वनोपज उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।
-1794395562001_m.webp)
सीताफल बेचती आदिवासी महिलाएं। फोटो जागरण
HighLights
जनजातीय समुदाय छठ में वनोपज उपलब्ध कराता है।
प्रकृति पूजा से छठ का गहरा संबंध मानते हैं।
आदिवासी और गैर-आदिवासियों की दूरियां मिटती हैं।
जागरण संवाददाता, दुमका। नेम-निष्ठा और आस्था का महापर्व छठ की विशिष्टता आदि से अनादि तक है। खासियत यह कि इस महापर्व में प्रकृति, धरा, जल, वायु और सूर्यदेव की अराधना की परंपरा है।
न जाति-धर्म, समुदाय, ऊंच-नीच का भाव और ना ही कोई राजा और रंक। इस त्योहार में हर कोई एकाकार और एकनिष्ठ भाव से शामिल होते हैं।
सनातन संस्कृति व प्रकृति के करीब रहकर इनकी पूजा-अर्चना करने वाले आदिवासी समुदाय भी महापर्व छठ में अहम योगदान देते हैं।
छठ शुरू होने से पूर्व जंगलों से कच्चा बांस काटकर इसे बांस के कारीगरों तक पहुंचाने से लेकर जंगलों में उगने वाले कंद-मूल व फलों को छठ के सूप तक पहुंचाने में जनजातीय समुदाय की अहम भूमिका रहती है।
आदिवासी समुदाय के लोग छठ पर्व का आधार भी सनातन धर्म से सीधे तौर पर जुड़ा मानते हैं और इसे सहजता से महसूस करते हैं। प्रकृति के पूजक एवं रक्षक जनजातीय समाज परोक्ष तौर पर कम ही सही, लेकिन अपरोक्ष तौर पर लोक आस्था के महापर्व छठ में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा में शामिल रहते हैं।
जनजातीय समाज के विमल मरांडी कहते हैं कि भगवान सूर्य देव और चंद्रदेव का पूजा कई पर्व-त्योहारों पर किया जाता और इस दौरान पूर्व दिशा की ओर मुख करके पूजा सम्पन्न कराने की परंपरा है। यह भी सूर्य के प्रति आस्था का ही प्रतीक है।
खास कर प्रकृति के जितने भी उत्पादन होते हैं उनमें अधिकांश का पूजन व प्रसाद के तौर पर सूप में रखकर भास्कर को अर्घ्य देने की परंपरा में इनकी भूमिका तय होती है।
कृषि उत्पादन और वनोपज के पूजन के विशेष विधान वाले इस महापर्व में जनजाति समाज के लोग वन में मिलने वाला फल और कंद मूल जैसे आंवला (मेराल), हर्रे-बहेरा (रोल), सूथनी, ,डाहू, डाब (डाबहा) वन हल्दी (सासाङ), बैर (जानुम), अदरक (आदहे), शक्कर कंद (सेकेर केंदा), ईख (आक), कबरंगा, शरीफा, अमरूद, पपीता समेत कई तरह के फल व कंद-मूल सुदूर गांवों और जंगल से लाकर नगरीय समाज के लिए उपलब्ध कराते हैं। इस दौरान ये लोग पूरी श्रद्धा से इन उत्पादों को लेकर बाजार में बेचने आते हैं।
छठ में आदिवासियों और गैर-आदिवासियों के बीच की मिट जाती है दूरियां
छठ में आदिवासियों और गैर-आदिवासियों के बीच रीति-रिवाजों की दीवारें धुंधली पड़ जाती है। इसमें आदिवासी, गैर-आदिवासियों के पारंपरिक रीति-रिवाजों को आसानी से निभाने में मदद करते हैं, और कभी-कभी अपनी पहचान खोए बिना इनमें हिस्सा भी लेते हैं।
पारंपरिक रूप से प्रकृति के पुजारी माने जाने वाले आदिवासी मकर सक्रांति के दौरान सूर्य देवता की पूजा करते हैं। आदिवासी समुदाय के गुंजन मरांडी कहते हैं कि आदिवासी समुदाय व साफा होड़ सूर्य, शिव और दुर्गा की पूजा करते हैं। विमल मरांडी कहते हैं कि आदिवासी समुदाय अपने तरीके से प्रकृति की पूजा करते हैं।
यह समुदाय कभी संस्कृत में नहीं ढले और इसलिए इनके कोई तय रीति-रिवाज नहीं हैं। ये मकर सक्रांति में सूर्य देव की पूजा करते हैं, लेकिन छठ त्योहार में सीधे तौर पर हिस्सा नहीं लेकर अपरोक्ष अहम भूमिका निभाते हैं।
विमल कहते हैं कि एक ही समाज में रहते हुए भी आदिवासी किसी भी रीति-रिवाज से अलग नहीं रह सकते हैं। वे हर तरह से मदद करते हैं और कहीं-कहीं श्रद्धा से अर्घ्य भी देते हैं।
हम सभी जानते हैं कि छठ पर्व को प्रकृति महापर्व कहा जाता है। सनातन धर्म संस्कृति का आधार प्रकृति है और प्रकृति के पूजक एवं रक्षक जनजातीय समाज है। लोक आस्था के महापर्व छठ में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा होती है । इस पर्व में प्रकृति के जितने भी उत्पादन होते हैं, सभी का पूजन होता है। विशेषकर कृषि उत्पादन और वनोपज का पूजन का विशेष विधान है। इसमें जनजातीय समाज का बहुत बड़ा योगदान है। भगवान सूर्य देव और चंद्र देव का पूजा विभिन्न पर्व-त्योहारों के अवसर पर करते हैं और कोई भी पूजा को पूरब दिशा की ओर मुख करके ही संपन्न कराते हैं। -डॉ.राजकिशोर हांसदा, राष्ट्रीय संयोजक जनजाति सुरक्षा मंच , दुमका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।