जिले को फाइलेरिया से मुक्ति दिलाना है : अनंत
दुमका सदर अस्पताल से बुधवार को छह दिन तक चलनेवाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरूआत हुई। सिविल सर्जन समेत अन्य डॉक्टरों ने बाहर से आए लोगों को गोली खिलाकर इसकी शुरूआत की।
दुमका : सदर अस्पताल से बुधवार को छह दिन तक चलनेवाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरूआत हुई। सिविल सर्जन समेत अन्य डॉक्टरों ने बाहर से आए लोगों को गोली खिलाकर इसकी शुरूआत की।
सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा ने कहा कि पहले दिन तक बूथ, स्वास्थ्य व आंगनबाड़ी केंद्र में गोली खिलाई जाएगी। इसके बाद तीन दिन तक सेविकाएं घर जाकर गोली देंगी। फाइलेरिया से बचने के लिए गोली का सेवन बहुत आवश्यक है। सभी के प्रयास से ही जिले को इस बीमारी से मुक्त बनाया जा सकेगा। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अभय यादव ने कहा कि छह दिन में पौने 14 लाख लोगों को गोली खिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। दवा खाने के बाद अगर किसी तरह की परेशानी महसूस होती है तो उसके लिए रेपीड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। दो साल से कम, गर्भवती महिला व बीमार व्यक्तियों को किसी हालत में दवा का सेवन नहीं करना है। कार्यक्रम में उपाधीक्षक बीके सिंह, डीएन पांडेय, डॉ. रमेश कुमार, राकेश आनंद आदि मौजूद थे।
बासुकीनाथ : प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान चलाया गया। रमेश ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता को लेकर 10 मॉनिटर, 75 पर्यवेक्षक, 752 दवा प्रदाताओं को प्रतिनियुक्त किया गया है। राज्य के 16 जिले फाइलेरिया प्रभावित हैं। जिसमें दुमका भी शामिल है। इन 16 जिलों में फाइलेरिया के नए रोगी होने की संभावना को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए वर्ष में एक बार स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाता है। जरमुंडी प्रखंड के लिए लक्षित जनसंख्या 1 लाख 92 हजार 222 हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न सेक्टर सुपरवाइजर को जबाबदेही दी गई है। तालझारी सेक्टर में आनंद कुमार सिंह, राय किनारी में बाल गोविंद पासवान एवं संजीव कुमार, हरिपुर में अभिमन्यु सिंह एवं पुतुल दत्त, सहारा में मुकेश कुमार, बासुकीनाथ नगर पंचायत में हेलेना हेंब्रम, नोनीहाट में आनंद कुमार झा, ग्रामीण क्षेत्र के लिए लाला अजय कुमार प्रतिनियुक्त थे। एएनएम रीना पाल, रिकी कुमारी, भानुप्रिया, रीना कुमारी, बीएचडब्ल्यू कैलाश प्रसाद साह सहित अन्य ने भी अहम भूमिका निभाई।