कोरोना की तीसरी लहर से बचाव को जागरूक करेगी भाजपा
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ग्रामीणों को कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव को लेकर जागरूक करेंगे। इसके लिए बुधवार को धोबा पंचायत भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक जिला उपाध्यक्ष मनोज पांडे की अध्यक्षता में हुई।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ (दुमका): भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ग्रामीणों को कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव को लेकर जागरूक करेंगे। इसके लिए बुधवार को धोबा पंचायत भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक जिला उपाध्यक्ष मनोज पांडे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के तहत रामगढ़ प्रखंड के दोनों मंडल के 154 बूथों में एक महिला एवं एक पुरुष स्वयंसेवक की नियुक्ति की गई। भाजपा का यह स्वयंसेवक गांव स्तर पर कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए लोगों को जागरूक करेगी। लोगों को ज्यादा से ज्यादा जांच कराने एवं टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करेगी।
बैठक में मौजूद जिला उपाध्यक्ष मनोज पांडे ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रदेश स्तर से प्रत्येक मंडल में चार सदस्यीय एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें दो महिला, एक पुरुष एवं एक स्थानीय चिकित्सक को भी रखा गया है। बताया गया कि छह सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष जामा विधानसभा के महारो पहुंच रहे हैं। मौके पर किशोरी प्रसाद साह, नवल किशोर मांझी, विनोद मंडल, नलिन मंडल, धनंजय पंजियारा, धर्मदेव अरहक समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।