ससुराल से लौट रहे युवक का अर्द्धनग्न शव बरामद, हत्या की आशंका
शव की पहचान बारा पंचायत के जामगोढ़ी गांव के मणिलाल लायक के रूप हुई है। मृतक की पत्नी बुधनी देवी ससुर मलाली दर्वे साला सोहित दर्वे ने जामा थाना में शव की पहचान की है। ससुर ने दामाद के हत्या की आशंका जताई है।
घटना का कारण ढूंढ रही पुलिस, हत्या या दुर्घटना
- शव के पास बाइक व गेहूं की बोरी मिलने से हत्या की आशंका
संवाद सहयोगी, जामा: जामा थाना क्षेत्र के बैसा गांव के हस्तशिल्प एवं तसर उद्योग केंद्र के निकट गुरुवार को एक युवक का अर्धनग्न स्थिति में शव बरामद किया गया। शव के निकट ही मृतक की बाइक भी मिली है। जिसे सूचना पर पहुंची जामा थाना पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से मारने के निशान बताए जा रहे हैं। शव की पहचान बारा पंचायत के जामगोढ़ी गांव के मणिलाल लायक के रूप हुई है। मृतक की पत्नी बुधनी देवी, ससुर मलाली दर्वे, साला सोहित दर्वे ने जामा थाना में शव की पहचान की है। ससुर ने दामाद के हत्या की आशंका जताई है। परिजनों की ओर से मामले की लिखित शिकायत की जा रही है। थाना प्रभारी कृष्णा राम का कहना है कि जांच के बाद ही कहा जा सकता है कि यह दुर्घटना है या हत्या। प्रथम दृष्टया दुर्घटना लग रहा है।
मृतक के ससुर मलाली दर्वे ने बताया कि बुधवार शाम दामाद मणिलाल बाइक से बेटी एवं नाती नतनी को छोड़ कर संध्या 6 बजे अपने घर बारा जामगोड़ी के लिए लौट गए। दामाद को अकेले जाने से मना किए थे। लेकिन आवश्यक काम होने के कारण वह शाम में ही निकल गए। सुबह हम लोगों को घटना की जानकारी मिली है। जिसके बाद थाना आकर शव की पहचान की। घटना के बाद से बेटी बदहवास है। उनकी किसी से दुश्मनी थी या नहीं यह तो बेटी ही या उसके ससुराल वाले ही बता सकते हैं। हालांकि मृतक के ससुर का कहना है उनकी हत्या की गई है। शव के पास से बाइक व एक बोरी गेहूं मिला है। लेकिन जब वह घर से निकले थे तो उनके साथ कुछ भी नहीं था। शव के पास गेहूं की बोरी कहां से आई। ये तो जांच के बाद ही निकल कर सामने आएगा।
जामा थाना प्रभारी कृष्णा राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया में दुर्घटना का मामला प्रतीत होता है। क्योंकि सिर पर जख्म है और पेड़ के पास निशान है। लेकिन पुलिस हत्या एवं दुर्घटना दोनों को ध्यान में रखकर अनुसंधान कर रही है। जांच पूरी होने पर ही सही तथ्य सामने आएगा। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुट गयी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों के लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।