दुमका के प्राइवेट स्कूल में छात्राओं से यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप: वार्डन जेल गई, निदेशक फरार
दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक स्कूल में छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले में वार्डन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि निदेशक फरार है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया है।

पीड़िता के पिता के बयान पर निदेशक और सहयोगी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी।
HighLights
यौन उत्पीड़न मामले में वार्डन गिरफ्तार, निदेशक फरार।
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
शिक्षा विभाग ने स्कूल में सुरक्षा खामियां पाईं।
रामगढ़ (दुमका), संवाद सूत्र। रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित एक प्राइवेट स्कूल के छात्रावास में रहने वाली नाबालिग छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और विद्यालय परिसर में तालाबंदी व बच्चों के भविष्य को लेकर चिंताएं गहरा गई हैं। पीड़िता के पिता के बयान पर रामगढ़ थाना में विद्यालय के निदेशक इमानुएल मुर्मू और उनकी सहयोगी सह वार्डन (निली अनाकी टुडू / नीली एक्का) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शनिवार को पुलिस ने वार्डन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि नामजद निदेशक इमानुएल मुर्मू फरार हैं और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है तथा पीड़ित बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए दुमका ले जाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने शनिवार को रामगढ़ थाना पहुंचकर थाना प्रभारी मनीष कुमार और पीड़ित स्वजनों से घटना की जानकारी ली व अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि छात्राओं के कथित आरोपों की जांच की जा रही है और निदेशक के सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों के गंभीर आरोप और पूर्व विवादों की चर्चा
घटना के विरोध में शुक्रवार और शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन विद्यालय व रामगढ़ थाना परिसर में जुटे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि निदेशक के खिलाफ पूर्व में भी विद्यालय की एक शिक्षिका से जुड़े यौन शोषण के आरोप लग चुके हैं। साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र की कुछ बच्चियों को बाहर भेजे जाने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की मांग उठ रही है।

शिक्षा विभाग ने भी स्कूल में कई खामियां पाई हैं।
निरीक्षण में सुरक्षा खामियां उजागर, फटकार व तालाबंदी की चेतावनी
कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हुआ। शनिवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, सुरक्षा इंतजाम और बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका। परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले, भवन की स्थिति बच्चों के अनुकूल नहीं पाई गई और छात्रावास के भोजन की गुणवत्ता व पौष्टिकता पर भी सवाल उठे।
बीआरपी नजीसूल हक ने प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जब अभिभावक फीस के साथ बच्चों की सुरक्षा का भरोसा सौंपते हैं, तब परिसर में सुरक्षा न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने विद्यालय में तालाबंदी की कार्रवाई करने की बात कही। हॉस्टल प्रभारी अमित हांसदा ने निरीक्षण के दौरान बताया कि विद्यालय में कुल 42 बच्चे नामांकित हैं।
बच्चे घर लौटे, पढ़ाई और मान्यता रद करने की मांग
शनिवार को विद्यालय में मौजूद शिक्षक अमित हांसदा ने अभिभावकों को स्कूल बंद रहने की सूचना दी, जिसके बाद अभिभावक अपने बच्चों को लेकर घर चले गए। शाम तक विद्यालय में मौजूद शिक्षक भी अपने घर लौट गए। अभिभावकों ने बताया कि नामांकन के समय 10 हजार रुपये और हर माह 3500 रुपये फीस लिए जाने के बावजूद सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं।
उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग के साथ-साथ यह चिंता भी जताई कि नवंबर समाप्त होने के करीब है और स्कूल बंद होने या अन्यत्र नामांकन कराने से बच्चों की पढ़ाई में करीब छह माह का नुकसान हो सकता है।
इसलिए प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की गई है। वहीं, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने घटना की निंदा करते हुए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, संलिप्तता सिद्ध होने पर विद्यालय की मान्यता रद्द करने तथा क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों व छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।