पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
जामा बच्चे अब पर्यावरण एवं जल संचयन के प्रति गंभीर होने की कोशिश कर रहे हैं। जामा के कई स्कूलों में पौधरोपण किया गया। यहां पहले से गठित जलसैनिकों ने बढ़-चढ़कर ना सिर्फ हिस्सा लिया बल्कि जलसंचयन व पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।
जामा : बच्चे अब पर्यावरण एवं जल संचयन के प्रति गंभीर होने की कोशिश कर रहे हैं। जामा के कई स्कूलों में पौधरोपण किया गया। यहां पहले से गठित जलसैनिकों ने बढ़-चढ़कर ना सिर्फ हिस्सा लिया बल्कि जलसंचयन व पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। जामा प्रखंड अंतर्गत यूएमएस कोया पहाड़ी एवं यूएएमएस थान डारडुमरिया सहित कई विद्यालयों में गुरुवार को जलसंचयन के लिए विद्यालय में गठित जागरण जलसेना द्वारा गड्ढा खुदाई का कार्य किया गया। विद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से छात्र-छात्राओं के साथ सीआरपी एवं शिक्षकों के नेतृत्व में पौधरोपण का भी कार्यक्रम चलाया गया। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी लीला कुमारी उपाध्याय ने बताया कि सभी विद्यालयों में जिला के निर्देशानुसार गड्ढ़ा खुदाई का काम कराया गया है साथ ही साथ विद्यालय में प्रतिदिन संकुल साधन सेवी के नेतृत्व में एवं विद्यालय सचिव की देखरेख में पौधरोपण का कार्य भी चलाया जा रहा है। इस सब के पीछे मकसद यही कि जल का संचयन हो। साथ ही पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। इस दौरान सीआरपी घनश्याम राउत संजय कुमार के अलावा सभी शिक्षक उपस्थित थे।