12 साल की बच्ची को बनाया हवस का शिकार, फिर हाथ-पांव बांधकर खेत में फेंका
शहर के कड़हलबील इलाके में 12 साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद दरिंदों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे एक खेत में फेंक दिया।
जागरण संवाददाता, दुमका: शहर के कड़हलबील इलाके में 12 साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद दरिंदों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे एक खेत में फेंक दिया। सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में खेत में देखा। बच्ची के मुंह में बालू भरा था। उसे दुमका सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। किशोरी नगर थाना क्षेत्र के कड़हरबिल में अपनी चाची के साथ रहती है। मूल रूप से वह पाकुड़ के अमड़ापाड़ा की रहने वाली है।
बताया जाता है कि रविवार की रात 10:00 बजे बच्ची सोने से पहले अपने घर का दरवाजा बंद करने निकली थी। इसी बीच बाइक सवार 3 लड़के आए और उसे उठाकर खेत में ले गए। बच्ची के घर वापस नहीं आने पर उसकी चाची ने खोजबीन की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। रात भर परिजन किशोरी की तलाश करते रहे। सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसकी भतीजी खेत में पड़ी हुई है। घरवालों ने जाकर देखा तो बच्ची के मुंह में बालू भरा था और हाथ-पैर बंधे हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी ने की दुष्कर्म की पुष्टि: मामले में एसपी किशोर कौशल ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अभी बच्ची की हालत ठीक नहीं है। बयान लेने का प्रयास किया जा रहा है। बयान दर्ज होने के बाद ही उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। हालांकि सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि वे नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल जांच के बाद ही कुछ पता चल पाएगा।