भाजपा में शामिल होने में बाबूलाल ने जल्दी की
जागरण संवाददाता दुमका पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा में शामिल होने में जल्दबाजी की
जागरण संवाददाता, दुमका : पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भाजपा में शामिल होने में जल्दबाजी की। भाजपा उन्हें प्रतिपक्ष का नेता नहीं बनाना चाहती है। यह बात पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले बाबूलाल को काफी सोचना चाहिए था। उन्हें शामिल होने से पूर्व प्रतिपक्ष का नेता बनने की शर्त रखनी चाहिए थी। अब भाजपा उन्हें प्रतिपक्ष का नेता बनाने से कतरा रही है। अभी तक विधानसभा में बाबूलाल को भाजपा का सदस्य नहीं माना जा रहा है। मैं अभी किसी दल में नहीं हूं। कांग्रेस के बड़े नेता अपनी पार्टी में शामिल बताते हैं, पर विधानसभा में वे आज भी झाविमो के विधायक हैं।
प्रदीप ने कहा कि आज देश में केंद्र की किसान विरोधी नीति का विरोध हो रहा है। दिल्ली में 40 दिन से किसान आंदोलन पर डटे हैं। सरकार वार्ता पर वार्ता कर रही है, लेकिन कोई निष्कर्ष निकालने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। अगर किसानों ने सरकार की बात मान ली और किसान बिल का समर्थन किया तो वे किसान से मजदूर बन जाएंगे। जबकि राज्य की हेमंत सरकार किसानों के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। किसानों का ऋण माफ किया जा रहा है। किसानों को ध्यान में रखकर योजना बनाई जा रही है। मौके पर जिलाध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह, संजीत सिंह, प्रेम कुमार साह, गणेश सिंह, विनोद, सुबोध यादव व शहरोज शेख आदि मौजूद थे।