रामगढ़ के 15 प्राथमिक विद्यालयों के विलय पर बनी सहमति
रामगढ़ : प्रखंड के कम नामांकन वाले प्राथमिक विद्यालयों का दूसरे विद्यालय में विलय करने के लिए शुक्रव
रामगढ़ : प्रखंड के कम नामांकन वाले प्राथमिक विद्यालयों का दूसरे विद्यालय में विलय करने के लिए शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में प्रखंड शिक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड के 15 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय को उसके दूसरे नजदीकी विद्यालय में विलय करने पर सहमति बनी। वहीं शेष बचे विद्यालय का पुन: सत्यापन के उपरांत विलय किया जाएगा। जानकारी के अनुसार के 185 प्राथमिक विद्यालय में से 74 विद्यालयों को दूसरे विद्यालय में विलय करने की सूची जिला से भेजी गई थी। गोड्डा जिला के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा सभी 74 विद्यालय का भौतिक सत्यापन किया गया था। इसमें से उन्होंने 28 विद्यालय को कई कारणों से दूसरे विद्यालय में विलय करने पर सहमति प्रदान की। इसके बाद शुक्रवार को 28 विद्यालय को दूसरे विद्यालय में विलय करने के लिए विस्तार से समीक्षा की गई। कई विद्यालय को विलय करने पर सांसद प्रतिनिधि शिवलाल मरांडी ने आपत्ति जताते हुए इसका दुबारा सत्यापन कराने की मांग की। वहीं प्रखंड शिक्षा समिति की बैठक में नये चार विद्यालय को भी विलय करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें एक पर सहमति बन गयी तथा तीन का भौतिक सत्यापन करने का निर्णय लिया गया। दो-तीन दिनों के अंदर विलय हेतु बचे शेष विद्यालय का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद सात मई को पुन: प्रखंड शिक्षा समिति की बैठक में इसका अनुमोदन हेतु चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी साइमन मरांडी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुशीला मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि शिवलाल मरांडी तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा मौजूद थे।