सड़क दुर्घटना में राजमिस्त्री की मौत
दलाही : मसलिया थाना क्षेत्र के दुमका जामताड़ा मुख्य सड़क के गोटीडीह मोड़ के पास शनिवार की सुबह छह बजे हाइवा की चपेट में आने से साइकिल सवार 45 वर्षीय धीरेन पंडित की मौत हो गई। मृतक गुमरो पंचायत के जेरूवा-खिलकनाली गांव का रहनेवाला था। हादसे से नाराज लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक दुमका-जामताड़ा मार्ग को जाम रखा। प्रखंड स्तर से दस हजार की सहायता मिलने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

बताया जाता है कि धीरेन मिशन कैराबनी से दलाही की ओर साइकिल से जा रहा था। दुमका की ओर जा रहे वाहन ने पीछे से साइकिल में ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही वह सड़क पर गिर गया और हाइवा सर से पार हो गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित लोगों ने मुआवजा के लिए दुमका जामताड़ा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस जाम हटाने के लिए पहुंची तो ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग कर दी। जाम की वजह से दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। अंचलाधिकारी के निर्देश पर नाजिर किशोर कुमार पंडित व कर्मचारी सुबोधन मुर्मू मौके पर पहुंचे और मृतक के आश्रित बेटे सुमन पंडित को दस हजार रुपये का चेक देकर पांच घंटे के बाद जाम हटवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बताया जाता है कि मृतक के घर में माता-पिता के अलावा बेटा और पत्नी हैं। वह घर का इकलौता कमानेवाला सदस्य था। राजमिस्त्री का काम करके गुजारा चलाता था। बेटी की शादी पिछले साल बंगाल में की। मौत की खबर सुनकर पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थी। बेटे, मां व अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष निवास मंडल व भाजपा नेत्री अमिता रक्षित ने उचित मुआवजा राशि दिलाने के लिए बेटे से रविवार को मिलने का आश्वासन दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।