मास्क तो दूर, शारीरिक दूरी की भी उड़ा रहे धज्जियां
रामगढ़ प्रखंड में विभिन्न जगहों पर लग रहे हाट की स्थिति देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के लोग कोरोना वायरस के खतरे से बिल्कुल अनजान हैं। लोग सबकुछ जानते एवं देखते हुए भी इससे बचने के उपाय नहीं कर रहे।
संवाद सहयोगी, रामगढ़: रामगढ़ प्रखंड में विभिन्न जगहों पर लग रहे हाट की स्थिति देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां के लोग कोरोना वायरस के खतरे से बिल्कुल अनजान हैं। लोग सबकुछ जानते एवं देखते हुए भी इससे बचने के उपाय नहीं कर रहे। मंगलवार को रामगढ़ के मवेशी हाट में लोगों ने न तो मास्क पहना था और न ही शारीरिक दूरी का ध्यान था। बेखौफ हाट में खरीदारी करते नजर आए।
गौरतलब है कि अनुमंडल पदाधिकारी ने पूरे जिले में धारा 144 लगा रखी है। वहीं राज्य सरकार ने सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है, लेकिन इसके बाद भी लोग किसी आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन केवल रामगढ़ बाजार में ही लोगों से नियमों का पालन करवा रहा है, लेकिन प्रखंड की 27 पंचायतों समेत और भी कई जगहों पर बड़े बाजार एवं हाट लगते हैं, जहां स्थिति बदहाल है। प्रखंड मुख्यालय परिसर में भी ग्रामीणों की भीड़ जुट रही है। इसे भी हटाने के लिए प्रशासन मुस्तैद नहीं दिख रहा है।
रोक के बावजूद आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोग: मंगलवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए भी कई लोग दूर-दराज इलाकों से प्रखंड मुख्यालय पहुंचे थे। आधार कार्ड बनाने पर रोक के बावजूद सभी कार्यालय के बरामदे में एक दूसरे से सटकर बैठे नजर आए। इनमें से कई ने मास्क तक नहीं पहना था।