विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में चार युवकों को जबरन ट्रांसजेंडर बनाया, मांगते फिर रहे 'बधाई'

Published: Thu, 02 Jul 2026 10:10 AM (IST)

Dumka Youths Forced Gender Change: चार युवकों ने माही किन्नर पर जबरन लिंग परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है, जिसमें उन्हें दिल्ली ले जाकर ऑपरेशन कराया गया।

पीड़ितों ने किन्नर माही पर दिल्ली ले जाकर जबरन थर्ड जेंडर बनवाने का आरोप लगाया।(एआइ फोटो)

पीड़ितों ने किन्नर माही पर दिल्ली ले जाकर जबरन थर्ड जेंडर बनवाने का आरोप लगाया।(एआइ फोटो)

रूपेश कुमार झा लाली,  बासुकीनाथ (दुमका)। झारखंड की उप राजधानी दुमका के जरमुंडी में चार युवकों को जबरन ट्रांसजेंडर बनाने का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। इन्हें दिल्ली ले जाकर आपरेशन के जरिये थर्ड जेंडर बनाया गया है। अब ये बधाई वसूली के लिए मजबूर किए जा रहे हैं। 

चारों युवकों ने सरगना माही किन्नर पर नशीली दवाएं देने और शारीरिक-मानसिक रूप से अक्षम बनाने का गंभीर आरोप लगाया। वहीं, माही अपना पक्ष रखने के लिए उपलब्ध नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित युवकों की ओर से मामला दर्ज कराने के बाद वे आगे की कार्रवाई करेंगे।

पीड़ितों का आरोप है कि शारीरिक शोषण के साथ ही ट्रेनों में बधाई मांगकर पैसे वसूलने और अन्य अनैतिक कार्य भी कराए जाते हैं। विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की जाती है। शरीर के अंग दागने जैसी अमानवीय यातनाएं दी जाती हैं। इनका कहना है कि लंबे समय तक डर से कुछ नहीं बोले, लेकिन अब हिम्मत जुटाकर पूरे मामले को सार्वजनिक किया है।

जेंडर बदलवाने में माही किन्नर का सहयोगी राहुल भी शामिल है। एक-दो दिनों के अंदर इस मामले को पुलिस प्रशासन तक ले जाने की तैयारी है जरमुंडी प्रखंड के तालझारी और सहरा क्षेत्र के रहने वाले इन युवकों का कहना है कि गत वर्ष से उनसे पैसा वसूली तथा अन्य गलत काम कराए जा रहे हैं। उन्हें लगातार नशीली गोलियां दी जा रही हैं।

बासुकीनाथ के डोमासी तालाब इलाके में रहने वाले माही किन्नर उर्फ सुनील मिर्धा पर संगीन आरोप लगाते हुए पीड़ित सहारा निवासी अनीता किन्नर उर्फ अनमोल कुमार, धनपतडीह निवासी अनन्या उर्फ गणेश और मुस्कान उर्फ मदन दास व झाझा निवासी सोनी उर्फ सूरज ने अपनी पीड़ा व्यक्त की।

पीड़ितों ने बयां किया अपना दर्द 

मैं एक साल पहले लड़का था और डांस करके अपना गुजर-बसर करता था। बासुकीनाथ निवासी सुनील उर्फ माही किन्नर ने मुझे बहला-फुसलाकर और चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर मेरा ऑपरेशन करा दिया, जिसके बाद मैं लड़की बन गया। अब वह मुझे कहीं बाहर नहीं जाने देता और अक्सर मेरे साथ मारपीट करता है।-अनीता उर्फ अनमोल, पीड़ित

मेरे साथ मारपीट कर मुझे दिल्ली ले जाया गया और वहां मेरा ऑपरेशन कराकर थर्ड जेंडर बना दिया गया। सुनील उर्फ माही किन्नर लगातार मेरे साथ मारपीट करता है। मेरा आधार कार्ड आज भी सूरज कुमार के नाम से बना हुआ है। मैं चाहता हूं कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।-सूरज कुमार उर्फ सोनी, झाझा

बासुकीनाथ निवासी सुनील उर्फ माही किन्नर ने मेरा ऑपरेशन कराकर मुझे थर्ड जेंडर बना दिया। इसके बाद ट्रेनों में जाकर अवैध रूप से पैसे वसूलने और हर महीने तय राशि जमा करने का दबाव बनाया जाता है। मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।-मुस्कान उर्फ मदन, पीड़ित

सुनील उर्फ माही किन्नर मेरे साथ लगातार मारपीट करता था। उसने धोखे से मेरा ऑपरेशन कराकर मुझे थर्ड जेंडर बना दिया। उसके डर की वजह से अब तक पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाया।-गणेश उर्फ अनन्या, पीड़ित

पुलिस का वर्जन 

पुलिस के संज्ञान में अभी तक इस प्रकार का कोई मामला नहीं आया है। यदि इस संबंध में कोई शिकायत या आवेदन प्राप्त होता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।- नवल किशोर सिंह, एसडीपीओ, जरमुंडी