Jharkhand SIR: 15 अगस्त को पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, पंजीकरण और सुधार प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी
दुमका के सरैयाहाट में 15 अगस्त को सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित होगी। इसमें मतदाताओं को प्रारूप मतदाता ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
15 अगस्त को सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा।
मतदाताओं को प्रारूप सूची, एएसडीडी की जानकारी मिलेगी।
नए मतदाताओं को पंजीकरण प्रक्रिया, फॉर्म-6 की जानकारी।
संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गणना चरण पूरा होने के बाद प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए 15 अगस्त को प्रखंड की सभी पंचायत भवनों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
ग्राम सभा में बीएलओ एवं चुनाव पाठशाला के सदस्य ग्रामीणों को प्रारूप मतदाता सूची के साथ-साथ एएसडीडी सूची के संबंध में विस्तृत जानकारी देंगे।
मतदाताओं को बताया जाएगा कि प्रारूप मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज है या नहीं। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश प्रारूप सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो उसे दावा-आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
संबंधित मतदाता निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से अपना दावा प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके अलावा सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर भी नियमानुसार सुधार के लिए आवेदन करने की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही एएसडीडी सूची के संबंध में भी मतदाताओं को जानकारी दी जाएगी। बीएलओ ग्रामीणों को बताएंगे कि किन मतदाताओं के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं और यदि किसी मतदाता को लगता है कि उसका नाम गलत तरीके से एएसडीडी सूची में शामिल किया गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है।
इसका उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं देना है। आयोजित विशेष ग्राम सभा में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।
वैसे युवा जो एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने की अर्हता रखते हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 भर सकते हैं। बीएलओ ऐसे युवाओं को आवेदन भरने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी देंगे।
चुनाव आयोग के नए दिशा-निर्देश के अनुसार नए मतदाता के निबंधन के लिए उसके माता-पिता से संबंधित पिछली एसआइआर की जानकारी भी देना आवश्यक होगी।
