Move to Jagran APP

प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने वाले जामताड़ा विधायक डा. इरफान बरी, कहा- पीएम नहीं, ललित व नीरव मोदी को कहा था चोर

27 नवंबर 2018 को कांग्रेस की आम सभा में प्रधानमंत्री को अपशब्‍द कहने के एक मामले में पर्याप्‍त सबूतों के अभाव में कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी बरी कर दिए गए हैं। उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता तरुण गुप्ता ने मामला दर्ज कराया था।

By Jagran NewsEdited By: Arijita SenPublished: Fri, 31 Mar 2023 04:43 PM (IST)Updated: Fri, 31 Mar 2023 04:43 PM (IST)
प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने वाले जामताड़ा विधायक डा. इरफान बरी

जागरण संवाददाता, दुमका। 27 नवंबर 2018 को कांग्रेस की आम सभा में प्रधानमंत्री, नीरव मोदी व ललित मोदी को चोर कहने के मामले में नामजद आरोपित जामताड़ा से कांग्रेस विधायक डा. इरफान अंसारी को शुक्रवार को एमपी-एमएलए अदालत के दंडाधिकारी जितेंद्र राम ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता तरुण गुप्ता ने नारायणपुर थाना में मामला दर्ज कराया था।

loksabha election banner

सबूतों के अभाव में बरी किए गए इरफान

दोपहर को विधायक अदालत में अधिवक्ता राजा खान के साथ अदालत में पेश हुए। दंडाधिकारी ने अपने फैसले में कहा कि साक्ष्य के अभाव में उन्हें बरी किया जाता है। अधिवक्ता ने बताया कि 27 नवंबर, 18 को नारायणपुर के लोकनिया गांव में कांग्रेस की आम सभा थी। विधायक ने इसे संबोधित किया था।

बाद में शाम को पता चला कि भाजपा कार्यकर्ता तरुण गुप्ता ने विधायक पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। न्यायालय ने सभी पक्ष की बात सुनी। विधायक के खिलाफ आरोप सिद्ध नहीं होने की वजह से साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।

प्रधानमंत्री नहीं, नीरव व ललित माेदी को चोर कहा था

अदालत से बाहर आने के बाद विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री के नाम पर अपशब्द कहने का आरोप लगाकर केस किया था। भाजपा की सरकार थी, इसलिए केस हो गया। केस लड़ते-लड़ते इंसाफ मिला गया कि मैं गलत नहीं हूं। लोकतंत्र में हर किसी को बोलने का अधिकार है। क्या भाजपा के लोगों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गाली नहीं दी। इसका मतलब यह नहीं है कि केस कर दिया जाए।

भाजपा पावर का कर रही गलत इस्‍तेमाल: इरफान अंसारी

भाजपा अपने पावर का गलत उपयोग कर रही है। बोलने पर राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी गई। क्या अदाणी-अंबानी के खिलाफ बोलना गुनाह है। वे गलत करेंगे और हम तमाशा देखेंगे। हर हर मोदी के नाम पर घरों में खुद घुसे और अदाणी को भी प्रवेश करा दिया। हम झुकने वाले नहीं हैं। बोलने पर फांसी नहीं दे दीजिएगा।

भाजपा को राहुल गांधी से माफी मांगनी होगी: विधायक

उन्‍हाेंने आगे कहा कि मैंने राहुल गांधी की तरह केवल मोदी की जगह नीरव और ललित मोदी का नाम लेकर चोर कहा था। देश बर्बादी के कगार पर है। निरसा में देख लीजिए कि किस तरह से एक बच्ची गुहार लगा रही है। लोग अब कहने लगे हैं कि राहुल के साथ ऐसा गलत क्यों किया गया। आंदोलन चलाकर प्रधानमंत्री को माफी मांगने के लिए मजबूर कर देंगे। भाजपा को राहुल गांधी से माफी मांगनी ही होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.