सरकार की पहली वर्षगांठ पर आज मिलेगी करोड़ों की सौगात
सरकार की पहली वर्षगांठ पर मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से आउटडोर स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। पूरे स्टेडियम के परिसर को हरे रंग के कपड़ों से सजाया गया है।
जागरण संवाददाता, दुमका: सरकार की पहली वर्षगांठ पर मंगलवार को जिला प्रशासन की ओर से आउटडोर स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। पूरे स्टेडियम के परिसर को हरे रंग के कपड़ों से सजाया गया है। सरकार में मंत्री चंपई सोरेन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे और उनके द्वारा बीस करोड़ से अधिक की परसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
सभी सरकारी विभाग से लाभान्वित होने वालों की सूची तैयार की जा चुकी है। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के बीच प्रधानी पट्टा का वितरण किया जाएगा। परिसर में सभी विभाग की ओर से स्टॉल भी लगाया गया है, जिसमें लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
सोमवार को उपायुक्त राजेश्वरी बी ने समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। कहा कि समारोह स्थल में लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाए। समारोह स्थल को लाइट से सजाया जाए। सभी प्रखंड में वर्षगांठ के उपलक्ष्य में फ्लेक्स व होर्डिग लगाया जाए। जिन योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास होना है, उनके शिलापट्ट में किसी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए। कोरोना को देखते हुए कार्यक्रम में शारीरिक दूरी का पालन किया जाए।
समारोह में लगाया जाएगा स्वास्थ्य शिविर: उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा को निर्देश दिया कि समारोह में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाए। बिना मास्क वालों को प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य द्वार पर थर्मल स्कैनर से जांच करने के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जाए। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सांसद, विधायक एवं अन्य गणमान्य लोगों को आमंत्रण दिया गया है। समारोह में रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाले कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. संजय सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो सहित सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।