भाजपा की हर एक योजना सिर्फ दिखावा : हेमंत
मसलिया झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अपने घर के दरवाजे पर तीर-धनुष छाप का झंडा लगाएं ताकि भाजपा आपके घर में घुस न पाए।
मसलिया : झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अपने घर के दरवाजे पर तीर-धनुष छाप का झंडा लगाएं ताकि भाजपा आपके घर में घुस न पाए। झंडा लगाने के लिए किसी के अनुमति की जरूरत नहीं है। अगर पार्टी के झंडा लगाने पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है, तो लोग के घर में बजरंगबली का झंडा क्यों लगा रखे हैं। ये भी तो बजरंगदल का ही झंडा है। प्रशासन को इसे भी उखाड़ फेंकना चाहिए। हेमंत के अगले निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थे। कहा कि हरेक योजना सिर्फ दिखावा है। मोदी ने घर-घर में शौचालय तो बनवा दिया परन्तु वह कुछ काम का नहीं है। शौचालय में लोग लकड़ी-गोइठा भरकर रखने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जमीन व जंगल की रक्षा झामुमो ही कर सकती है। आज कपड़ा, साबुन जैसे दैनिक उपयोगी सामानों पर 12 से 18 प्रतिशत का टैक्स लगाया गया है। जबकि सोना पर वस्तु कर 3 प्रतिशत लगाया गया है। सवाल किया कि अब आप बताएं साबुन, कपड़ा की जरूरत किसको है और सोना के आभूषण कौन खरीदते हैं। भाजपा गरीबों की नहीं अमीरों की पार्टी है। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव टुडू ने किया तथा मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष सुभाष सिंह, शिवा बास्की, दिलीप हेंब्रम, सुरेश बास्की, बीरेन टुडू, शिवधन मरांडी, षष्टिपद नन्दी, कादिर राजा, सीताराम मिस्त्री, शोणिकपुर मुर्मू व अन्य मौजूद थे। जानकारी हो कि गुरुवार को हवाई मार्ग से मसलिया पहुंचे। बूथ स्तरीय एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह प्रशिक्षण शिविर में अपने कार्यकर्ताओं से मिलकर लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए रणनीति तैयार किया।