दुमका में 14 वर्षीय छात्रा की हत्या से सनसनी, घर से 500 मीटर दूर झाड़ी में मिला शव; दुष्कर्म की आशंका
Dumka Girl Murder: काठीकुंड में एक 14 वर्षीय छात्रा की हत्या से सनसनी फैल गई है। उसका शव घर से 500 मीटर दूर झाड़ी में मिला।

शनिवार की सुबह घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। (फोटो जागरण)
HighLights
दुमका के काठीकुंड में 14 वर्षीय छात्रा की हत्या।
शव घर से 500 मीटर दूर झाड़ी में मिला।
सामूहिक दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस कर रही जांच।
संवाद सूत्र, काठीकुंड (दुमका)। झारखंड की उप राजधानी दुमका के काठीकुंड थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव में शुक्रवार देर शाम किशोरी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा का शव घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ी में मिला।
घटना के बाद सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर काठीकुंड पुलिस ने रात करीब एक बजे शव बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया।
स्वजनों के अनुसार, किशोरी मधुबन स्थित उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार को स्कूल से घर लौटने के बाद उसने खाना खाया। इसके बाद वह घर से लगभग 500 मीटर की दुरी पर मैदान में बंधी गाय को खोलने के लिए बाहर गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से उसकी खोजबीन शुरू की गई। खोजबीन के दौरान देर शाम करीब आठ बजे किशोरी घर से लगभग 500 मीटर दूर एक झाड़ी में मिली।
उसे इस हालत में देखकर स्वजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।
डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए रात को ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह, डीएसपी और डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की।
इसके बाद पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी किशोरी
स्वजनों के अनुसार, मृत किशोरी परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी। उसके परिवार में एक भाई और चार बहनें हैं। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सामूहिक दुष्कर्म की आशंका की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी।
