विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका में कोयला खनन पर टकराव: हिंसक झड़पों और प्रशासनिक पेंच के बीच रेंग रहीं 15 परियोजनाएं

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:59 PM (IST)

दुमका जिले में आवंटित 15 कोयला परियोजनाएं डेढ़ दशक बाद भी भूमि अधिग्रहण, विस्थापन और विरोध-प्रदर्शनों के कारण शुरू नहीं हो पाई हैं। हाल ही में शिकारीपाड़ा में हिंसक झड़प हुई, जो इन परियोजनाओं के संचालन में आ रही चुनौतियों को दर्शाती है।

दुमका जिले की 15 आवंटित कोल ब्लाक में खनन शुरू करने की प्रक्रिया में कई खुरपेंच।

दुमका जिले की 15 आवंटित कोल ब्लाक में खनन शुरू करने की प्रक्रिया में कई खुरपेंच।

राजीव, दुमका। दुमका का शिकारीपाड़ा, काठीकुंड, गोपीकांदर और रामगढ़ ही नहीं बल्कि संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिले कोयला के खदानों पर बसा है। इन जिलों के भौगोलिक परिस्थितियों पर गौर करें तो जामताड़ा जिले में नाला, देवघर में चितरा, गोड्डा में ललमटिया, महगामा, सुंदरपहाड़ी, पाकुड़ में अमड़ापाड़ा और साहिबगंज में राजमहल कोल बेल्ट के तौर पर चिह्नित है।

इसमें चितरा, ललमटिया और राजमहल कोल परियोजनाएं पुरानी है जबकि दुमका समेत कई क्षेत्र में तकरीबन 15 कोल ब्लाक को विभिन्न कंपनियों के नाम आवंटित कर एमओयू किए गए हैं। हालांकि नई कोल परियोजनाओं के लिए किए गए एमओयू के डेढ़ दशक बीतने के बाद भी इन परियोजनाओं से खनन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।

भूमि-अधिग्रहण, विस्थापन, मुआवजा, नौकरी, रोजगार, प्रदूषण, आवंटित क्षेत्रों का एक्सप्लोरेशन समेत कई मामलों को लेकर समय-समय पर उत्पन्न विधि-व्यवस्था, विरोध-प्रदर्शन जैसे कारण इन परियोजनाओं के शुरू होने की राह में सबसे बड़ा बाटल नेक है।

इन्हीं खुरपेंचों के बीच गोपीकांदर के ओड़मो पंचायत में आवंटित एनयूपीपीएल यानि की नवेली उत्तरप्रदेश पावर लिमिटेड ने कोल परियोजना क्षेत्र में 80 प्रतिशत काम को पूरा कराने के बाद अब खनन करने के करीब है।

हाल यह कि दुमका के शिकारीपाड़ा में रविवार की देर रात शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा मौजा में जिस हरियाणा पावर जेनरेशन कारपोरेशन लिमिटेड के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा एवं उसके चालक अखिलेश पाल समेत डेढ़ दर्जन पुलिस व आरएएफ के जवानों को मारपीट कर जख्मी किए जाने की घटना को अंजाम दिया गया है।

वहीं एचपीजीसीएल वर्ष 2021 में ही विधि-व्यवस्था का हवाला देते हुए कंपनी ने आवंटित कोल ब्लाक को छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी। कंपनी की ओर से केंद्र सरकार को कोल ब्लाक को रद करने से संबंधित पत्र भेजी गई थी। कमोबेश यही स्थिति शिकारीपाड़ा प्रखंड में आवंटित ईसीएल के कोल ब्लाक की भी है।

ईसीएल के एक बड़े अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि उस क्षेत्र में लगातार कई वर्षों तक प्रयास करने के बाद भी खनन कार्य शुरू करने को लेकर तमाम अड़चन यथावत है। ऐसे में वहां कंपनी के लिए काम करना सहज नहीं रह गया है। पूरी जमीनी हालात व स्थिति की जानकारी कोल मंत्रालय को भी दे दी गई है।

शिकारीपाड़ा में इन कंपनियों के साथ है एमओयू

शिकारीपाड़ा में तीन कंपनियों के साथ एमओयू किया गया है, जिसमें शहरपुर-जमडुपानी बेस 15 वर्ग किलोमीटर के तहत कोयला उत्खनन एवं विद्युत उत्पादन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड को आवंटित किया गया है।

जबकि ब्राह्माणी, चिचरो, पाटोसीमल बेस 17.03 वर्ग किलोमीटर में कोयला खनन के लिए ईस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड के साथ एमओयू है। कल्याणपुर-बादलपाड़ा में 6.12 वर्ग किलोमीटर में कोयला खनन के लिए हरियाणा पावर जेनरेशन कारपोरेशन लिमिटेड का एमओयू है।

यह है दुमका में चिह्नित कोल ब्लॉक और क्षेत्रफल

क्रम संख्या कोल ब्लॉक अंचल रकबा (वर्ग किमी)
1 नए पचवारा साउथ गोपीकांदर 6.72
2 शहरपुर-जमरूपानी शिकारीपाड़ा 13.12
3 कल्याणपुर-बादलपाड़ा शिकारीपाड़ा 6.12
4 ब्रह्मणी नार्थ शिकारीपाड़ा 17.03
5 ओड़मो पहाड़ी टोला गोपीकांदर 9.48
6 महुआगढ़ी काठीकुंड 6.16
7 अमड़ाकुंडा-मुर्गाडंगाल शिकारीपाड़ा 6.23
8 सलाईपहाड़ शिकारीपाड़ा 10.25
9 ब्रह्माणी सेंट्रल शिकारीपाड़ा (मूल डेटा में 'शिकारीपाड़ी') 23.87
10 ब्रह्माणी साउथ शिकारीपाड़ा 12.03
11 हरिपुर-चापुड़िया शिकारीपाड़ा 10.54
12 कुलकुलीडंगाल शिकारीपाड़ा 10.34
13 गुमरोपहाड़ी-सिलबोना शिकारीपाड़ा 11.80
14 पोखिरया-पहाड़पुर शिकारीपाड़ा (मूल डेटा में 'शिकरीपाड़ा') 7.86
15 गड़ियापानी-चौधर गोपीकांदर 11.74

(दुमका में इन 15 कोल ब्लाक को है खनन का इंतजार)

शिकारीपाड़ा में 11, गोपीकांदर में तीन और काठीकुंड में एक कोल ब्लाक आवंटित

दुमका जिले के शिकारीपाड़ा, काठीकुंड एवं गोपीकांदर प्रखंड में 15 कोल ब्लाक चिह्नित हैं, लेकिन इससे खनन की प्रक्रिया तक पहुंचाने में कई खुरपेंच है। आवंटन के तकरीबन डेढ़ दशक बाद भी ये कोल परियोजनाएं वर्षों से फाइलों और प्रक्रियाओं के नाम पर रेंग रही है।

दुमका के शिकारीपाड़ा क्षेत्र 11 कोल ब्लाक चिह्नित है। गोपीकांदर में तीन और काठीकुंड में एक कोल ब्लाक चिह्नित है। इसमें शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लाक का आवंटन वर्ष 2013-14 में हरियाणा पावर जेनरेशन कारपोरेशन लिमिटेड को किया गया है। इसका दायरा करीब 6.36 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र है जिसमें कोयले का भंडार है।

कोयला खनन शुरू होने से बदल जाएगी तस्वीर

प्रस्तावित कोल ब्लाकों से खनन शुरू होने पर संताल परगना की तस्वीर बदल सकती है। धनबाद-झरिया की तरह ही संताल परगना का यह इलाका भी रोजगार, परिवहन, कारोबार और आधारभूत संरचनाओं के विकास में मजबूत हो सकता है। जबकि सिक्के का दूसरा पक्ष यह कि इन खनन परियोजनाओं से जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण, विस्थापन और स्थानीय ग्रामीणों के अधिकार जैसे मामले भी अहम है।

विरोध, प्रदर्शन और हिंसक झड़प का यह पहला मामला नहीं

दुमका में आवंटित कोल ब्लाक को संचालित करने को लेकर शिकारीपाड़ा में रविवार की रात हुई हिंसक झड़प की घटना पहली नहीं है। इससे पहले भी दुमका जिले के काठीकुंड में आवंटित कोल ब्लाक का संचालन इसलिए संभव नहीं हो सका क्योंकि वहां के रैयतों ने जबरदस्त विरोध किया था।

वर्ष 2008 में काठीकुंड प्रखंड के पोखरिया, दलदली समेत कई गांवों के ग्रामीणों के आंदोलन को कुचलने के लिए उस वक्त की सरकार को गोली तक चलाने पड़ी थी। उस वक्त भी सूबे में झामुमो की सरकार थी स्व.शिबू सोरेन तत्कालीन मुख्यमंत्री थे।

इस आंदोलन को गति देने के लिए मेधा पाटकर भी दुमका पहुंची थीं। तब काठीकुंड में सीईएससी पावर प्लांट कंपनी को 1000 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए कोल ब्लाक आवंटित किया गया था।

दुमका से सटे पाकुड़ जिले में अमड़ापाड़ा पैनम कोल ब्लाक के संचालन के क्रम में हुई हिंसक घटनाएं, सिस्टर बालसा समेत कई हत्याओं की गूंज इस इलाके में ही नहीं, बल्कि कोल ब्लाक के लिए आवंटित गोपीकांदर, काठीकुंड और शिकारीपाड़ा प्रखंड में भी सुनाई देती है।

पैनम कोल माइंस को छोड़ दें तो अब तक गोपीकांदर, काठीकुंड और शिकारीपाड़ा प्रखंड को मिलाकर तकरीबन आधा दर्जन कंपनियां कोल ब्लाक अधिग्रहण व संचालन के लिए हाथ-पैर मार रही हैं, लेकिन अब धरातल पर सफलता नहीं मिल पाई है।

जबकि जिंदल पावर और सीईएससी को पावर प्लांट के लिए कोल ब्लाक आवंटित किया गया था, लेकिन भूमि अधिग्रहण और संचालन को लेकर विधि-व्यवस्था की समस्याओं से परेशान होकर दोनों कंपनियां वापस लौट चुकी हैं। बहरहाल, शिकारीपाड़ा के कल्याणपुर-बादलपाड़ा में रविवार को हुई हिंसक झड़प प्रशासन के लिए फिर से बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।