साइबर अपराधियों का दिल पसीजा तो लौटा दिए आठ हजार रुपये
महिला की बात पर साइबर अपराधी का दिल पसीज गया। उसने कहा कि धीरे-धीरे सारा पैसा खाते में डाल दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, दुमका। लोगों का लाखों का चूना लगाने वाले साइबर अपराधी भी दयालु हो गए हैं। उन पर लोगों के गिड़गिड़ाने का असर पड़ने लगा है। पहले साइबर अपराधियों ने गरीब महिला को 21 हजार का चूना लगाया और फिर उसके रोने पर खाते में आठ हजार रुपया डाल भी दिया। महिला ने सोमवार को मुफस्सिल थाना की पुलिस को घटना की जानकारी दी।
महुआडंगाल के रहने वाले गरीब संतोष कापरी की पत्नी कुमारी सोनी प्रिया के मोबाइल पर सात जनवरी को साइबर अपराधियों ने फोन किया। कहा कि मैं बंधन बैंक का मैनेजर बोल रहा हूं। मेरी बैंक में जो तुम्हारा खाता है वह बंद होने वाला है। कई बार एसएमएस दिया लेकिन जवाब नहीं दिया। रोज रोज तुमको संदेश भेजना मेरा काम नहीं है। अगर अभी सारी जानकारी नहीं दी तो खाते के साथ एटीएम भी बंद कर दिया जाएगा। महिला ने साइबर अपराधी को बैंक से संबंधी सारी जानकारी दे दी। इसके बाद अपराधियों ने उसे एक नंबर दिया। उसके बताने के बाद महिला के खाते से 19999 और एक हजार रुपया निकल गया। 13 जनवरी को खाते की जांच की तो महिला के होश उड़ गए। खाते में केवल 31 रुपया ही बचा था।
रविवार को महिला ने उसी नंबर पर फोन किया और कहा कि आपने जो जानकारी दी, वह बता दी। इसके बाद भी खाते से पैसा निकल गया। गरीब महिला हूं। किसी तरह से जोड़-जोड़कर पैसा एकत्र किया। महिला की बात पर साइबर अपराधी का दिल पसीज गया। उसने कहा कि धीरे-धीरे सारा पैसा खाते में डाल दिया जाएगा। इसके बाद उसके खाते में आठ हजार रुपया डाल दिया। सोमवार को महिला ने थानेदार केके ¨सह को सारी जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आश्चर्य है कि साइबर अपराधी ने पैसा लौटा दिया। वह स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने के लिए नायाब पहल