विक्षिप्त ने लगाई आग, ग्रामीणों ने पोल से बांधा
रामगढ़ की धोबा पंचायत के जोगिया कोरबन्ना गांव में रविवार आधी रात जोगिया तेतरिया टोला गांव के कथित अर्धविक्षिप्त कार सोरेन ने मनेलाल टुडू के पुआल में आग लगा दी।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ ( दुमका): रामगढ़ की धोबा पंचायत के जोगिया कोरबन्ना गांव में रविवार आधी रात जोगिया तेतरिया टोला गांव के कथित अर्धविक्षिप्त कार सोरेन ने मनेलाल टुडू के पुआल में आग लगा दी। इससे नाराज लोगों ने आरोपित को पकड़कर बिजली पोल से बांध दिया। सूचना मिलने पर सुबह पुलिस गांव पहुंची और उसे बंधन मुक्त कराया। मनेलाल ने कार्रवाई के लिए थाना को आवेदन दिया।
रविवार रात मनेलाल टुडू के पुआल के पुंज में आग लग गयी। काफी प्रयास के बाद भी आग को नहीं बुझाया जा सका। सारा पुआल जलकर राख हो गया। बुधवार की रात इसी गांव के जीतलाल मुर्मू के पुआल में आग लगाई गई थी। ग्रामीणों ने आग लगाने के आरोप में ही कार सोरेन को पकड़ा और गांव लाकर बिजली के खंभा में बांध दिया। ग्रामीणों के अनुसार वह अर्धविक्षिप्त है। पिछले वर्ष भी कुछ लोगों के पुआल के पुंज में आग लगा चुका है। वह गांव के लोगों को काफी परेशान करता है। छोटे बच्चों को अकेला पाकर दौड़ाता है। लड़कियों को भी पकड़ने की कोशिश करता है। चाकू लेकर लोगों को धमकाता है। रात में भी अकेले गांव में घूमता है। उसकी इसी हरकत के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गयी है। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने पंचायती के लिए उसकी मां को बुलाया लेकिन उसका कहना था कि इस मामला में कुछ नहीं कर सकती। थाना प्रभारी राजीव कुमार रंजन ने कहा कि युवक विक्षिप्त लग रहा है। उसे तत्काल थाना में रखा गया है। उसकी हरकत पर पुलिस नजर रखे हुए है।