किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म में सभी सात आरोपित गिरफ्तार, दरिंदों में छः नाबालिग Dumka News
गोपीकांदर थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ 24 मार्च को सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इस मामले में सभी सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी वाईएस रमेश ने इसकी पुष्टी की।
दुमका, जेएनएन। दुमका के गोपीकांदर थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ 24 मार्च को हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड में पुलिस ने सभी सात आरोपितों को मंगलवार गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल सात में छः नाबालिग हैं जिनको बाल सुधार गृह और एक बालिग आरोपित सुरेश मुर्मू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी वाईएस रमेश ने बताया कि पीड़िता ने एक नामजद जबकि नौ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
अनुसंधान में सात का ही पता चला है। सभी आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दुष्कर्म की घटना 24 मार्च की है। हालांकि किशोरी के घरवालों ने पुलिस को 25 मार्च को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस हरकर में आई और मंगलवार को आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
ये है पूरा मामला : किशोरी ने पुलिस को बताया था कि वो 24 मार्च को स्कूटी से दो महिला मित्र के साथ शिव पहाड़ चौक से घर के लिए निकली थी। उसकी दोस्तों ने उसे कारूडीह मोड़ के पास उतार दिया और वे पाकुड़ चली गईं। घरवालों के आने में विलंब और शाम ढलता देख किशोरी ने अपने दोस्त को फोन की। उसका दोस्त अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से आया। इसके बाद तीनों सवार होकर चल दिए।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि जब बाइक सुनसान रास्ते पर गई तो उसके दोस्त ने गाड़ी रोकी। इसपर विक्की ने समझाया कि अभी चेकिंग चल रहा है। इसके बाद एक जगह बाइक रोक दी और वहां से चला गया। उसका दोस्त साथ में रहा जो लगातार मोबाइल पर कहीं बात करता रहा। कुछ देर बाद उसका दोस्त भी वहां से कुछ देर के लिए चला गया। इसके बाद दोनों आए और अंधेरा का लाभ उठाकर जबरन दुष्कर्म किया।
वह चीख रही थी तभी नकाबपोश आठ युवक आए और गले पर चाकू सटाकर कहा कि चीखोगी तो जान से मार देंगे। उसके बाद उस सबने एक-एक कर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। फिर मरा हुआ समझकर छोड़कर चले गए। रातभर वह बेहोश रही। सुबह होश आया तो किसी तरह मुख्य सड़क तक आई। तब गांव वालों ने इसके बारे में किशोरी के घरवालों को सूचना दी।