आग से झुलसे दंपती ने रिम्स में तोड़ा दम
जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सहारा पंचायत के दोमुहानी गांव में सात दिसंबर को शार्ट सर्किट से लगी आग में झुलसे पति-पत्नी की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई है।
बासुकीनाथ: जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सहारा पंचायत के दोमुहानी गांव में सात दिसंबर को शार्ट सर्किट से लगी आग में झुलसे पति-पत्नी की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई है। जिदगी और मौत से जंग लड़ रही 27 वर्षीया चंदा देवी ने शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे दम तोड़ा। पत्नी की मौत के ठीक 12 घंटे के बाद पति धनंजय कुमार दास की भी मृत्यु हो गई।
आग से झुलसे पति पत्नी की मौत के बाद परिजन और गांव वाले शोक में डूब गए हैं और गांव में मातम छा गया है। गौरतलब है कि सात दिसंबर को दोमुहानी गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में चंदा देवी आग में बुरी तरह झुलस गई थी।
महिला को बचाने के क्रम में उसका पति धनंजय दास भी बुरी तरह झुलस गया था। दोनों को परिजन व स्थानीय लोगों की मदद से देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सक ने रिम्स रेफर कर दिया। जहां 12 घंटे के अंतराल में दोनों की मौत हो गई। दंपती के दो छोटे बच्चे एक पुत्री और एक पुत्र बेसहारा हो गए हैं।