धक्का मार गाड़ी निकालने का ले रहे 50 रुपये
रामगढ़-दुमका मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाला जाम से लोगों को छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को सुबह छह बजे से रामगढ़ बाजार से कुछ ही दूरी पर हाईस्कूल के पास बीच सड़क पर दो ट्रकों के फंस जाने के कारण एक बार फिर महाजाम लग गया। जाम के दौरान दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। गोड्डा रोड में कुशमाहा तक हंसडीहा रोड में मोहनपुर तक और दुमका रोड में पथरिया तक ट्रकों की लंबी कतार लग गयी। सुबह छह बजे से लगा जाम देर शाम तक नहीं छूट पाया।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ : रामगढ़-दुमका मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाला जाम से लोगों को छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। मंगलवार को सुबह छह बजे से रामगढ़ बाजार से कुछ ही दूरी पर हाईस्कूल के पास बीच सड़क पर दो ट्रकों के फंस जाने के कारण एक बार फिर महाजाम लग गया। जाम के दौरान दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। गोड्डा रोड में कुशमाहा तक, हंसडीहा रोड में मोहनपुर तक और दुमका रोड में पथरिया तक ट्रकों की लंबी कतार लग गयी। सुबह छह बजे से लगा जाम देर शाम तक नहीं छूट पाया। जानकारी के अनुसार हाईस्कूल के पास सड़क इतनी खराब हो गई है कि इसमें भारी वाहन के प्रवेश करने पर उसका पत्ती टूट जा रहा है। शनिवार से इस जगह पर प्रतिदिन घंटो जाम लग रहा है। लेकिन मंगलवार को सुबह छह बजे से महाजाम लग गया। इस मार्ग पर लगने वाला जाम को हटाने के लिए स्थानीय प्रशासन उदासीन बनी हुई है। वहीं जाम वाले स्थल पर स्थानीय लोग चांदी काट रहे हैं। सड़क पर ट्रक फंसने के कारण जब जाम लग गया तो छोटी वाहनों के आवागमन में भी कठिनाई होने लगी। इसके बाद स्थानीय युवकों की टोली ने किनारे से छोटी वाहनों का प्रवेश कराना प्रारंभ किया। इसके बदले में युवकों द्वारा 20 से 30 रुपया प्रति वाहन मजदूरी के तौर पर लिया जाने लगा। कोई वाहन यदि फंस जाता तो युवकों द्वारा उसे धक्का मारकर निकाला जाता इसके बदले में युवक 50 रुपया लेते। शनिवार से एक ही जगह पर लगातार हो रहे जाम के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम स्थल पर इस कदर कीचड़ हो गया है कि वहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। ऑटो वाले यात्री को उतार कर खाली ऑटो पार करने के बाद यात्री को बिठाते हैं। भाजपा नेता मनोज पाण्डेय, नवल किशोर मांझी, किशोरी प्रसाद साह, निरंजन मंडल, नलिन मंडल समेत अन्य ने प्रशासन से इस मार्ग पर ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है। ओवरलोड के कारण ही प्रतिदिन सड़क पर जाम लग रहा है जिसके कारण यहां के स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है।