झरिया में युवक की हत्या, झरिया-होरलाडीह सड़क किनारे मिला शव
संस धनसार/झरिया नववर्ष की पार्टी मनाने निकले हमीद नगर के 25 वर्षीय युवक रोशन कुमार रा
संस, धनसार/झरिया : नववर्ष की पार्टी मनाने निकले हमीद नगर के 25 वर्षीय युवक रोशन कुमार राउत की हत्या कर दी गई। होरलाडीह सब्जी बगान के पास चाकू, ब्लेड व पत्थर से प्रहार कर शुक्रवार की रात उसकी हत्या की गई। हत्यारों ने साक्ष्य को छुपाने के लिए शव को घटनास्थल से लगभग 40 मीटर दूर झरिया-होरलाडीह कब्रिस्तान रोड के किनारे झाड़ियों में छुपा दिया गया।
शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने शव को देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने झरिया थाना व बोर्रागढ़ ओपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सने पत्थर, ब्लेड व चाकू, टोपी के साथ चाहत कलेक्शन कपड़े की दुकान का बिल भी बरामद किया है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम ले जाने के दौरान मृतक के परिवार वालों व स्थानीय लोगों ने पुलिस का घेराव कर हंगामा किया। लोग हत्यारों को पकड़कर न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शीघ्र ही हत्या का खुलासा करने का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा। झरिया थाना प्रभारी पीके सिंह मौके पर पहुंचकर हमीद नगर के पास रास्ते में मिले खून के छींटे से हत्यारे का सुराग ढूंढ़ने का प्रयास किया। मौके से बरामद सामान को सीआइएसएफ से मंगाए गए खोजी कुत्ता को सुंघाकर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन खास सफलता नहीं मिली। पुलिस शकील सहित कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पिता राजू राउत, मां, बहन आदि रो रोकर बेहाल हैं।
---
शाम को दोस्तों के साथ नए साल का पार्टी करने निकला था रोशन
मृतक रोशन के परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की शाम रोशन घर से शाम छह बजे अपनी बहनों से कहा कि दोस्तों के साथ पार्टी करने जा रहे हैं। मृतक के पिता राजू मातृ सदन झरिया से काम कर रात आठ बजे घर पहुंचे। रोशन को घर में नहीं देखकर बेटियों से उसके बारे में जानकारी ली। रात तक घर नहीं पहुंचने पर उन्होंने पुत्र के मोबाइल पर फोन किया। उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताया। पिता व परिवार के लोग रात भर रोशन की तलाश करते रहे। शनिवार की सुबह राजू पुत्र की गुमशुदगी की शिकायत करने झरिया थाना पहुंचे। पता चला कि सब्जी बगान होरलाडीह के पास एक युवक का शव मिला है। शव रोशन का निकला। घटना स्थल से मृतक का घर लगभग आठ सौ मीटर की दूरी पर है। पिता ने कहा कि पुत्र महाराष्ट्र में काम करता था। हाल में घर आया था।
---
खोजी कुत्ता एक टेलर के घर पहुंचा, पास में ही पहले चलती थी अवैध गन फैक्ट्री
रोशन के हत्यारों की खोज के लिए सीआइएसएफ का खोजी कुत्ता हमीद नगर पहुंचा। यहां रहनेवाले टेलर मुस्तकीम के घर में घुस गया। यहां पहले अवैध गन फैक्ट्री भी चलती थी। झरिया थाना पुलिस ने 17 मार्चा 2019 को यहां अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। पुलिस मुस्तकीम के नहीं रहने पर उनके परिवार वालों से पूछताछ की। खोजी कुत्ता दो बार उसी के घर के पास मंडराता रहा। स्थानीय लोगों ने बताया रोशन इसी मोहल्ले के दोस्तों के साथ ज्यादा मेलजोल रखता था। मोहल्ले से दूर शाम में आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्ती नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल काफी बढ़ा है।
------------------
युवक की हत्या का मामला अज्ञात लोगों पर दर्ज किया जा रहा है। आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रोशन के मोबाइल का डिटेल भी निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
- पीके सिंह झरिया थाना प्रभारी, झरिया।