दुष्कर्म के बाद युवती की जान लेने की कोशिश, मृत समझकर भागे अपराधी
दुष्कर्म के बाद एक युवती की हत्या की कोशिश की गई। बरवाअड्डा में जगदंबा फ्लावर मिल के पीछे झाड़ियों में मंगलवार सुबह अर्द्धनग्न हाल में वह खून से लथपथ अचेत पड़ी मिली।
धनबाद, जेएनएन। जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की कोशिश की गई। पीड़िता की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। युवती बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जगदंबा फ्लावर मिल के पीछे झाड़ियों में मंगलवार सुबह अर्द्धनग्न हाल में अचेत पड़ी मिली। वह खून से लथपथ थी।
नहीं हो सकी पहचान: सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच युवती को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया। युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष के आसपास बतायी जा रही है। उसके सिर और शरीर पर चोट है। सिर से काफी खून निकला है। चोट को देख पुलिस मान रही है कि दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के लिए सिर और शरीर पर वार किए गए। इसके बाद दुष्कर्मी उसे मरा समझ छोड़ गए। शहर से सटे इलाके में वारदात के बाद पुलिस भी सकते में है। सूचना मिलते ही डीएसपी सरिता मुर्मू ने पीएमसीएच में चिकित्सकों से युवती की हालत की जानकारी ली। पुलिस शिनाख्त में जुट गई है। खोजी कुत्ते का भी सहारा लिया जा रहा है। युवती के होश में आने के इंतजार पुलिस कर रही है।