बीएमएस के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ता होंगे बाहर
भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध यूनियन में चला रहा विवाद गहराता जा रहा है। बीसीसीएल ईसीएल समेत कई कंपनियों में संचालित यूनियन कई ग्रुप में बंट गया है। बीसीसीएल में धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा महामंत्री को लिखे खुले पत्र के बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, धनबाद :
भारतीय मजदूर संघ से संबंद्ध यूनियन में चला रहा विवाद गहराता जा रहा है। बीसीसीएल, ईसीएल समेत कई कंपनियों में संचालित यूनियन कई ग्रुप में बंट गया है। बीसीसीएल में धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा महामंत्री को लिखे खुले पत्र के बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रुपबाजी के कारण कई कंपनियों में लोगों ने संघ से त्यागपत्र देकर या तो दूसरे यूनियन में चले गए हैं या अपना नया संगठन खड़ा कर लिया है। इसे भारतीय मजदूर संघ के केंद्रीय महासचिव विनय कुमार सिन्हा ने गंभीरता से लिया है। धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के सह संगठन मंत्री ने महामंत्री को लिख पत्र में स्पष्ट रूप से महामंत्री केपी गुप्ता, एबीकेएमएस के उपाध्यक्ष गोराचंद्र चटर्जी, झारखंड प्रदेश महासचिव बिदेश्वरी प्रसाद को लेकर सवाल उठाए है। केंद्रीय महासचिव विनय कुमार सिन्हा ने दैनिक जागरण से फोन पर सोमवार को बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ के सिस्टम में जो फिट नहीं होंगे, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। सिस्टम पर ही विश्वास कर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कोयला सेक्टर में कई तरह की ग्रुपबाजी चल रही है, यह सब व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए किया जा रहा है। धनबाद में आठ से लेकर दस फरवरी को होने वाली केंद्रीय समिति की बैठक में इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें कोयला प्रभारी के लक्ष्मण रेड्डी भी उपस्थित होंगे। बीएमएस के केंद्रीय अध्यक्ष एचजे पांडीय ने कहा कि यूनियन के नियम के खिलाफ काम करनेवालों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट हर कंपनी से ली जाएगी।