Dhanbad Weather Forcast: दिन में नहीं सताएगी सर्दी, पूरे हफ्ते चढ़ा रहेगा पारा
राजस्थान में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव अब उत्तरी पंजाब से लेकर गुजरात तक फैल गया है। इससे उत्तर भारत में बारिश हो रही है। उन्हीं बादलों का असर धनबाद के मौसम पर भी पड़ा है। इस हफ्ते बादलों का आना-जाना लगा रहेगा।
धनबाद, जेएनएन। अरब सागर के बादलों से जहां उत्तर भारत में बारिश हो रही है, वहीं अब बादलों की आवाजाही झारखंड की ओर शुरू हो चुकी है। समुद्री गर्म बादलों ने धनबाद समेत राज्य के ज्यादातर हिस्से के तापमान को प्रभावित कर दिया है। बादलों के आने से सुबह कोहरा छाने के साथ ही दिन चढ़ते ही तापमान बढ़ रहा है। सोमवार को दिन में ठंड लगभग गायब रही। मंगलवार को भी दिन में सर्दी नहीं रहेगी। तेज धूप न होने बाद भी उमस रहेगी। शाम ढलने के बाद भी ठंड कम ही रहेगी।
धनबाद के पंपू तालाब का सुबह-सुबह का नजारा
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव अब उत्तरी पंजाब से लेकर गुजरात तक फैल गया है। इससे उत्तर भारत में बारिश हो रही है। उन्हीं बादलों का असर धनबाद के मौसम पर भी पड़ा है। इस हफ्ते बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। बादलों के हटने के बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ी तो फिर ठंड बढ़ेगी। धनबाद के आसपास के जिलों में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गिरिडीह, जामताड़ा और बोकारो के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
शुक्रवार तक का संभावित तापमान
मंगलवार अधिकतम 29 न्यूनतम 15
बुधवार अधिकतम 30 न्यूनतम 15
गुरुवार अधिकतम 31 न्यूनतम 16
शुक्रवार अधिकतम 30 न्यूनतम 16