जामाडोबा जल संयंत्र के इंटेकवेल में शैवाल के फंसने से झरिया में ठप हुई जलापूर्ति
जासं झरिया-जामाडोबा जामाडोबा जल संयंत्र के पास दामोदर नदी में लगे इंटेकवेल के पास अत्याधिक
जासं, झरिया-जामाडोबा : जामाडोबा जल संयंत्र के पास दामोदर नदी में लगे इंटेकवेल के पास अत्याधिक शैवाल व जलकुंभी के आकर फंस जाने से शनिवार को फिल्टर प्लांट में जल भंडारण नहीं हो सका। इस कारण रविवार को झरिया शहर और इसके आसपास क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। छह लाख से अधिक लोगों को पानी नहीं मिल सका। झमाडा के कर्मियों ने बताया कि दामोदर नदी में शैवाल व जलकुंभी के आने से इंटेकवेल जाम हो गया। झरिया में जलापूर्ति में परेशानी हुई। शैवाल के आने से हर दो घंटे के बाद इंटेकवेल की सफाई नदी में उतरकर करनी पड़ती है। ठंड के मौसम में काफी परेशानी होती है। रविवार की सुबह एक दर्जन से अधिक मजदूर दामोदर नदी में उतरकर शैवाल व जलकुंभी की सफाई की। कर्मियों ने इसके बाद झरिया व आसपास के क्षेत्रों में आंशिक जलापूर्ति करने का दावा किया है। वहीं झरिया के लोगों का कहना है कि अधिकांश क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं की गई। इससे पानी के लिए लोगों में हाहाकार मचा रहा। आए दिन जामाडोबा जल संयंत्र से जलापूर्ति बाधित होने के कारण काफी परेशानी होती है। झमाडा प्रबंधन संयंत्र के स्थायी समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। झरिया शहर के अलावा भागा, फुसबंगला, शालीमार, डिगवाडीह, भौंरा, जामाडोबा आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होने से लोग काफी परेशान हैं। झमाडा के एसडीओ पंकज झा का कहना है ठंड में नदी में शैवाल व जलकुंभी का आना अधिक हो जाता है। इससे जलापूर्ति में परेशानी होती है। फिर भी झमाडा व अन्य मजदूरों के सहयोग से इंटेकवेल की सफाई कर पर्याप्त जलापूर्ति की कोशिश जारी है।