स्टीलगेट, पुराना बाजार के सैकड़ों घरों में नहीं पहुंचा पानी
जागरण संवाददाता मैथन निरसा के गोपालगंज में एनएच 2 के किनारे मैथन जलापूर्ति का पाइप फट जा
जागरण संवाददाता, मैथन : निरसा के गोपालगंज में एनएच 2 के किनारे मैथन जलापूर्ति का पाइप फट जाने से रविवार को धनबाद शहर के कई इलाकों में पेयजल का संकट रहा। स्टीलगेट, पुराना बाजार, धोबाटांड़ व गांधी नगर पानी टंकी से जलापूर्ति नहीं की जा सकी। स्टीलगेट क्षेत्र में शनिवार को भी जलापूर्ति नहीं हुई थी। इन इलाकों में सोमवार से जलापूर्ति होने की संभावना है। गोपालगंज के समीप रविवार की सुबह लीकेज पाइप से 20 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा उठने लगा। हजारों गैलन पानी उससे निकलकर बर्बाद हो रहा है। पानी का उठता फव्वारा एनएच 2 के किनारे से गुजरी हाईटेंशन तार को छूने लगा। इसकी वजह से खतरा और बढ़ गया था। आसपास के लोग उसपर लगातार नजर रख रहे थे।
गोपालगंज के पास लगभग एक महीना से जलापूर्ति पाइप में लीकेज है। पेयजल विभाग द्वारा लीकेज पाइप को बनवाने के लिए ध्यान नहीं दिया गया। इस कारण शनिवार को लीकेज बढ़ गया। शनिवार को मरम्मत कर पाइप को ठीक किया गया। रविवार को फिर पानी बहने लगा। इसके बाद दिन में 11 बजे मैथन इंटेकवेल से सप्लाई बंद कर मरम्मत का कार्य आरंभ किया गया। शाम पांच बजे पाइप में लीकेज को बंद किया गया। इसके बाद मैथन से भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पानी छोड़ा गया है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लीक हो रहे पाइप की मरम्मत करा दी जाती तो शहर के हजारों लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। लीकेज बंद कर देने के बाद सोमवार से शहर को सुचारू पानी सप्लाई होने की संभावना है।