अब जीतपुर में टूटा झमाडा का पाइप, झरिया में जलापुर्ति ठप होने से मचा हाहाकार Dhanbad News
जामाडोबा से झरिया जलमीनार जानेवाली 30 इंच की पाइप एक सप्ताह के अंतराल में दूसरी बार जीतपुर के निकट क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण झरिया में तीसरे दिन भी जलापुर्ति नहीं हुई।
धनबाद, जेएनएन। झमाडा जामाडोबा जल संयंत्र से झरिया कोयलांचल व इसके आसपास क्षेत्रों में जलापुर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। जामाडोबा से झरिया जलमीनार जानेवाली 30 इंच की जलापुर्ति पाइप एक सप्ताह के अंतराल में दूसरी बार जीतपुर के निकट क्षतिग्रस्त हो गई। इससे झरिया और आसपास के क्षेत्रों में जलापुर्ति ठप हो गई है।
लगभग डेढ़ लाख की आबादी वाले झरिया शहर में तीसरे दिन भी जलापुर्ति नहीं हुई। यही हाल शहर के आसपास के इलाकों में भी है। लाखों लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। लोग पानी के लिए घर से निकलने को मजबूर हो रहे हैं। इधर, जीतपुर में क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कर रहे झमाडा कर्मियों का कहना है कि यह बहुत पुरानी पाइप लाइन है। जल्द मरम्मत कर जलापुर्ति की जायेगी।
मालूम हो कि सोमवार को पाथरबंगला के पास झमाडा की जलापुर्ति पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी मरम्मत शनिवार को पूरा कर जैसे ही पानी छोड़ा गया। तभी जीतपुर जंगल के पास पाइप लीकेज होकर क्षतिग्रस्त हो गई। रविवार की सुबह से ही झमाडा कर्मी पाइप की मरम्मत में जुटे हैं। आए दिन झमाडा की जलापुर्ति पाइप के क्षतिग्रस्त होने से झरियावासियों में झमाडा अधिकारियों के प्रति काफी रोष है।