पारी की शुरुआत में ही नए उपायुक्त ने जल संरक्षण पर लगाया जोर Dhanbad News
जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण कार्य महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत किए जाएंगे। उपायुक्त ने सरकार के निर्देशानुसार कार्य करने पर जोर दिया।
धनबाद, जेएनएन। नए उपायुक्त अमित कुमार ने धनबाद में अपनी पारी की शुरुआत कर दी है। रविवार को छुट्टी के दिन ही उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे से प्रभार ग्रहण किया। इसके अगले दिन सोमवार को समाहरणालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ क्लास लगाई। पहली बैठक का विषय था-जलसंरक्षण और वर्षा जल संग्रहण। उन्होंने मातहत अधिकारियों को जल संरक्षण के कार्यों को गंभीरतापूर्वक करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण का कार्य महात्मा गांधी नरेगा योजना, झारखंड राज्य जल छाजन मिशन, लघु सिंचाई प्रभाग (जल संसाधन विभाग), अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग, कल्याण विभाग, वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, भू संरक्षण प्रभाग (पशुपालन एवं सहकारिता विभाग), पंचायती राज प्रभाग तथा जिले में उपलब्ध अनाबद्ध राशि एवं नगर विकास एवं आवास विभाग के संसाधनों से किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि तालाब एवं अन्य जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार कार्य भी महात्मा गांधी नरेगा योजना, लघु सिंचाई प्रभाग (जल संसाधन विभाग), भू संरक्षण प्रभाग (कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग), लघु सिंचाई प्रभाग (जल संसाधन विभाग), वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जिले में उपलब्ध अनाबद्ध राशि एवं पंचायती राज विभाग के संसाधनों के अभिषरण से किया जाएगा। इसी प्रकार बोरवेल रिचार्ज एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से भू-जल भरण तथा वेस्ट वाटर का पुनरुपयोग कार्य पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, महात्मा गांधी नरेगा योजना, जिला में उपलब्ध अनाबद्ध राशि एवं पंचायती राज प्रभाग के संसाधनों के अभीषरण से किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जलछाजन विकास एवं वृक्षारोपण कार्य भी किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जल संरक्षण के महत्व को देखते हुए माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा माननीय मुख्यमंत्री एवं राज्य के सभी मुखिया को निर्देश दिया गया है कि इस वर्ष मानसून के देर से आने की संभावना को देखते हुए सभी वाटर स्ट्रेस्ड प्रखंडों में जल शक्ति अभियान की शुरुआत की जाए। झारखंड में यह अभियान 1 जुलाई से लेकर 15 सितंबर 2019 तक चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण की महत्ता को रेखांकित करते हुए जल शक्ति अभियान को राज्य के सभी प्रखंडों में संचालित करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत 4 जुलाई को प्रखंड स्तर कार्यशाला, 5 जुलाई को पंचायत स्तर पर संगोष्ठी, 6 जुलाई को सभी गांव में ग्राम सभा का आयोजन तथा 7 जुलाई 2019 को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।