Janata Curfew : सड़क किनारे ताश खेल रहे ग्रामीणों को रोकने गई पुलिस पर हमला, एक घायल Dumka News
जनता कर्फ्यू के दौरान दुमका के नोडिया गांव में सड़क किनारे कुछ लोग ताश खेल रहे थे जिनको पुलिस ने घर जाने को कहा। इसको लेकर पुलिस-जनता में झड़प हो गई।
धनबाद, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। इसी को लेकर देर भर में लोग अपने घरों में कैद रहे। झारखंड के दुमका में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला। वहीं, जनता कर्फ्यू के दौरान तालझारी थाना क्षेत्र के नोढ़िया गांव में सड़क किनारे ताश खेल रहे ग्रामीणों को रोकने गई पुलिस के साथ हमला कर एक पुलिसकर्मी को घायल कर दिया।
इस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी प्राथमिक चिकित्सा के बाद डॉ. दीनबंधू रक्षित ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल दुमका रेफर कर दिया। घायल पुलिसकर्मी एएसआई सुरेंद्र दास तालझारी थाना में कार्यरत बताया जाता है।
घायल एएसआई ने बताया कि जनता कर्फ्यू के दौरान नोडिया गांव में सड़क के किनारे कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इस क्रम में मुख्य सड़क मार्ग पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस ने वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु ताश खेल रहे लोगों को घर वापस जाने को कहा। इसपर ग्राणीण आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। पुलिस और जनता के बीच की इस झड़प में ग्रामीणों ने एएसआई सुरेंद्र दास कोलाठी से बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह घायल हो गए।